द फॉलोअप डेस्क
नालंदा जिले में एक रहस्यमय मौत ने हड़कंप मचा दिया है। दरअसल मंगलवार को एक शव बख्तियारपुर-रजौली NH-20 पर गिरियक थाना क्षेत्र के पुरैनी गांव के पास सड़क किनारे बरामद हुआ है। शव की पहचान नवादा जिले के गोविंदपुर थाना क्षेत्र के कुदरुचक गांव निवासी 28 वर्षीय विपिन यादव के रूप में हुई है जो सोमवार शाम को कोलकाता मजदूरी करने निकले थे। 
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि युवक के शरीर पर कोई चोट, खरोंच या खून के निशान नहीं मिले हैं। साथ ही परिजन भी समझ नहीं पा रहे हैं कि कोलकाता जाने वाला विपिन अचानक गिरियक कैसे और क्यों पहुंच गया।.jpeg)
परिजनों ने बताया कि विपिन सोमवार शाम करीब 6 बजे घर से निकला था और रास्ते में किसी से बात भी की थी। लेकिन मंगलवार सुबह को पुलिस से खबर मिली कि सड़क हादसे में उनकी मौत हो गई है। जिसके बाद परिवार तुरंत बिहारशरीफ मॉडल अस्पताल पहुंचे। परिजनों ने बताया कि वह पूरी तरह स्वस्थ था, न कोई बीमारी थी और न ही किसी से कोई दुश्मनी। जिसके बाद अब सवाल उठ रहे हैं कि आखिर उनकी मौत का कारण क्या है?
गिरियक थानाध्यक्ष श्रीकांत कुमार ने जानकारी दी कि राहगीरों ने सुबह पुलिस को सूचना दी थी, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने पाया कि युवक के शरीर पर कोई बाहरी चोट नहीं है। शव को सदर अस्पताल भेज दिया गया है, जहां पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार है। रिपोर्ट आने के बाद मौत का असल कारण मालूम हो सकता है। वहीं परिजनों के शिकायत के बाद अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।