द फॉलोअप डेस्क
बिहार विधानसभा के बजट सत्र के दौरान नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) के दोनों डिप्टी सीएम की जमकर चुटकी ली। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा एक दिन पहले सम्राट चौधरी को गले लगाए जाने पर तेजस्वी ने तंज कसते हुए कहा कि यह गले लगाना दरअसल डिप्टी सीएम विजय सिन्हा को चिढ़ाने की एक चाल थी। राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव की चर्चा के दौरान तेजस्वी ने कहा कि नीतीश कुमार ने सम्राट चौधरी को गले लगा कर विजय सिन्हा का खून जलाने की कोशिश की थी, जिस पर सदन में नोकझोंक का माहौल बन गया।
तेजस्वी ने ली सम्राट चौधरी की चुटकी
तेजस्वी यादव ने सम्राट चौधरी को लेकर कहा कि वह भाजपाई हैं और पहले RJD में थे, जहां लालू यादव ने उन्हें पहली बार मंत्री बनाया था। तेजस्वी ने चुटकी लेते हुए कहा कि सम्राट असली RSS-भाजपा के आदमी नहीं हैं। उन्होंने आगे कहा कि कल जब नीतीश कुमार ने सम्राट को गले लगाया, तो ऐसा लगा जैसे सिन्हा को चिढ़ाने के लिए यह किया गया हो। इसके साथ ही तेजस्वी ने यह भी कहा कि विजय सिन्हा का क्या हाल हुआ था, जब वे स्पीकर के पद पर थे, यह सबको मालूम है।विजय सिन्हा पर लगाया आरोप
इसके बाद जब विजय सिन्हा सदन में पहुंचे, तो तेजस्वी ने उन पर चुटकी लेते हुए कहा कि वे भी सम्राट के पीछे-पीछे आ गए हैं। तेजस्वी ने यह भी आरोप लगाया कि विजय सिन्हा ने अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मदिन पर कहा था कि उनका सपना तभी पूरा होगा, जब बिहार में BJP का मुख्यमंत्री होगा। दूसरी ओर, सम्राट चौधरी ने बयान दिया था कि नीतीश कुमार अगले 15 साल और काम करेंगे। इस पर दोनों डिप्टी सीएम के बीच असहमति दिखी। तेजस्वी ने इस पर कटाक्ष करते हुए कहा कि दोनों डिप्टी सीएम अलग-अलग बातें कह रहे हैं।
विजय सिन्हा ने किया तेजस्वी का विरोध
बता दें कि विजय सिन्हा ने बीच में उठकर तेजस्वी से कहा कि उन्हें पूरी बात नहीं मालूम। उन्होंने यह भी कहा कि अटल जी ने बिहार में सुशासन लाने की बात की थी। नीतीश कुमार को भी इसके लिए लाया गया था। तेजस्वी ने इस पर प्रतिक्रिया देते हुए सिन्हा से कहा, "क्या आपने नहीं कहा था कि BJP का मुख्यमंत्री बनेगा तभी अटल जी का सपना साकार होगा? हमारे पास इसका वीडियो है और आप यहां झूठ बोलने की कोशिश कर रहे हैं।"
वहीं, सदन में चल रही इस बहस के दौरान विजय सिन्हा ने भी पलटवार करते हुए तेजस्वी से कहा कि झूठ बोलने का काम आप लोग करते हैं, हम अपनी पार्टी की बात पार्टी के अंदर करते हैं। उन्होंने यह भी कहा, "अगर आपको टीका से इतनी नफरत है तो टोपी पहन लीजिए।"