द फॉलोअप डेस्क
राजद नेता तेजस्वी यादव ने बिहार में TRE-4 परीक्षा को लेकर NDA सरकार पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार सरकार युवाओं के साथ अन्याय और विश्वासघात कर रही है। उन्होंने कहा कि चुनाव से पहले NDA ने 1 करोड़ नौकरी देने का वादा किया था, लेकिन अब नौकरी मांगने वाले युवाओं पर लाठीचार्ज किया जा रहा है।

“युवाओं पर लाठीचार्ज नहीं, अपराधियों पर कार्रवाई करे सरकार”
शांति से अपनी मांगों को रख रहे अभ्यर्थियों को उन्हें दौड़-दौड़ा कर पीटा जा रहा है। सिर फोड़ा जा रहा है, हाथ-पैर तोड़ा जा रहा है। यहां तक कि महिला अभ्यर्थियों के साथ बदतमीजी के साथ बर्ताव किया जाता है। उन्होंने सवाल उठाया कि TRE-4 परीक्षा की मांग करना और पेपरलीक का विरोध करना आखिर अपराध कैसे हो गया? उन्होंने आगे कहा कि अगर सरकार को पुलिस कार्रवाई का इतना ही शौक है तो उसका इस्तेमाल भ्रष्टाचार और अपराध रोकने के लिए किया जाना चाहिए, न कि छात्रों और युवाओं पर। उन्होंने आरोप लगाया कि NDA सरकार की मंशा ही TRE-4 की वैकेंसी जारी करने की नहीं है। तेजस्वी ने अपने कार्यकाल का जिक्र करते हुए कहा कि 17 महीने की सरकार में बिना पेपरलीक के TRE-1 और TRE-2 के तहत 2 लाख से अधिक शिक्षकों की नियुक्ति की गई थी, जबकि 1.30 लाख पदों पर बहाली प्रक्रिया चल रही थी।

“सरकार बदल गई, लेकिन TRE-4 का नोटिफिकेशन नहीं आया”
तेजस्वी ने अपने पोस्ट में आगे कहा कि 2024 और 2025 बीत गए, लोकसभा और विधानसभा चुनाव भी हो गए, दो मुख्यमंत्री और चार उपमुख्यमंत्री तक बदल गए, लेकिन अब तक TRE-4 को लेकर कोई नोटिफिकेशन जारी नहीं हुआ। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि मुख्यमंत्री और मंत्री रील्स बनाने और बड़े-बड़े बयान देने में व्यस्त हैं, जबकि युवाओं के भविष्य की चिंता किसी को नहीं है। तेजस्वी यादव ने कहा कि चुनाव से पहले युवाओं के सामने हाथ जोड़ने वाली NDA सरकार अब उन्हीं युवाओं को लाठियां दे रही है, जिसे बिहार के युवा कभी नहीं भूलेंगे।