logo

तेज प्रताप यादव की जान को खतरा! गृह मंत्री सम्राट चौधरी से मांगी सुरक्षा; पार्टी के पूर्व प्रवक्ता पर लगाया आरोप

teju_bhaiya_mahua.jpg

द फॉलोअप डेस्क
लालू परिवार के बड़े बेटे और पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव के एक पत्र ने बिहार के राजनीतिक गलियारों में हलचल मचा दी है। तेज प्रताप यादव ने अपनी जान को लेकर खतरा बताया है। उन्होंने इस संबंध में बिहार के गृहमंत्री सम्राट चौधरी को पत्र लिखकर अपनी सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता जाहिर की है, जिससे सियासी गलियारों में हड़कंप मच गया है।
उन्होंने आरोप लगाया है कि उनकी ही पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय प्रवक्ता संतोष रेनू यादव से उनकी जान को खतरा है। गृहमंत्री को भेजे गए पत्र में तेज प्रताप यादव ने कहा है कि संतोष रेनू यादव की ओर से उन्हें लगातार धमकी भरे कॉल और संदेश मिल रहे हैं, जिससे उनकी व्यक्तिगत सुरक्षा पर गंभीर खतरा उत्पन्न हो गया है। उन्होंने स्पष्ट कहा है कि एक जनप्रतिनिधि के रूप में उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना राज्य सरकार की बड़ी जिम्मेदारी है।
वहीं मामले की गंभीरता को देखते हुए तेज प्रताप यादव ने पटना के सचिवालय थाना में संतोष रेनू यादव के खिलाफ लिखित शिकायत भी दर्ज कराई है। तेज प्रताप ने शिकायत में धमकी देने, मानसिक उत्पीड़न और सुरक्षा खतरे से जुड़े आरोप लगाए हैं। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने पर सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
उन्होंने यह भी कहा है कि संतोष रेनू पार्टी अनुशासन का उल्लंघन कर रहे थे और उनकी व्यक्तिगत व राजनीतिक छवि को ख़राब करने की कोशिश कर रहे थे। इन आरोपों को गंभीरता से लेते हुए संतोष रेनू यादव को जनशक्ति जनता दल से भी निष्कासित कर दिया गया है।
 

Tags - bihar news bihar khabar bihar update patna news patna khabar tej pratap yadav news