द फॉलोअप डेस्क
बिहार में सम्राट चौधरी के बुलडोजर एक्शन के बाद जनशक्ति जनता दल के प्रमुख तेज प्रताप यादव का गुस्सा भड़क उठा है। दरअसल बिहार के नये गृह मंत्री सम्राट चौधरी बिहार के अलग-अलग जिलों में ‘बुलडोजर मॉडल’ के तहत बड़ा एक्शन ले रहे हैं। जिसमें समस्तीपुर समेत बिहार के करीब दर्जन भर शहरों में अवैध कब्जा हटाने का काम किया जा रहा है। जिसपर तेज प्रताप यादव ने सोशल मीडिया पर अपनी भड़ास निकाली है। 
इस दौरान उन्होंने सम्राट चौधरी पर निशाना साधते अपने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर पोस्ट किया और लिखा ‘नीतीश सरकार में नये गृह मंत्री अपने पद को लेकर कुछ ज्यादा ही हतोत्साहित हैं। वे ये भी भूल गए हैं कि कल तक जिस जनता जनार्दन का गुणगान गाते थे, आज उन्हीं लोगों के घर परिवार उजाड़ रहे हैं। नालंदा, सीतामढ़ी, पटना, आरा जैसे अनेकों जिलों में पिछले दो दिनों से लगातार बुलडोजर से गरीब, दलित, वंचित समुदाय के लोगों के घर को जबरन तोड़ा जा रहा है।’
आज बिहार के हजारों की संख्या में गरीब, दलित, वंचित परिवार अपने - अपने घरों के टूटने से पूर्ण रूप से टूट चुका है, उनके आंखों से आंसू निकल रहे हैं लेकिन कोई उनको देखने वाला तक नहीं है।
— Tej Pratap Yadav (@TejYadav14) November 27, 2025
ऐसा प्रतीत हो रहा है कि राज्य में गरीब, दलित और वंचित लोगों के लिए "सामाजिक न्याय" अब है ही… pic.twitter.com/SGvgS9uuaV
उन्होंने आगे लिखा, ‘हम सभी इस बात से भली भांति अवगत हैं कि नवंबर महीने से ही ठंड की शुरुआत हो जाती है। दिसंबर और जनवरी के महीने में तो कड़ाके की ठंड पड़ती है। इस ठंड के मौसम में किसी का घर टूटने का दर्द क्या होता है यह हम सभी समझ सकते हैं। लेकिन नीतीश सरकार के नए गृह मंत्री यह नहीं समझ पा रहे हैं कि इस बुलडोजर प्रक्रिया से यहां की आम जनमानस के छोटे-छोटे बच्चे, महिलाओं और बुजुर्गों पर क्या बीत रही होगी।’
अंत तेज प्रताप यादव ने बिहार सरकार से बड़ी मांग की और लिखा, ‘हम नीतीश सरकार से मांग करते हैं कि बिहार में बढ़ती ठंड, गरीबी से लाचार और बेबस लोगों के आशियानों को तोड़ने से तत्काल प्रभाव से रोक लगाया जाए। साथ ही हम नीतीश सरकार से यह भी मांग करते हैं कि जिनके भी घरों को अब तक तोड़ा गया है उनकी रहने की उचित व्यवस्था सहित आर्थिक सहायता राशि भी प्रदान की जाए। नहीं तो गरीबों के आंखों से निकले आंसू और उनकी बद्दुआ से कोई नहीं बच पाएगा। समय आने पर एक-एक आंसुओं का हिसाब हमारी जनता-जनार्दन जरूर लेने का काम करेगी।’