द फॉलोअप डेस्क
बिहार की राजनीति के सबसे रंगीन और दिलचस्प किरदारों में से एक, तेजप्रताप यादव एक बार फिर अपने नए अंदाज को लेकर सुर्खियों में आ गए हैं। इस बार उन्होंने अपने TY Vlog पर अपनी बाइक राइड का एक वीडियो साझा किया है। वीडियो में तेजप्रताप चमचमाती हरे रंग की सुपरबाइक पर सवार होकर सड़कों पर फर्राटा भरते नजर आ रहे हैं। सिर से पांव तक प्रोफेशनल राइडिंग गियर और हेलमेट में ढके तेजप्रताप को पहली नजर में पहचानना भी मुश्किल हो रहा है, लेकिन उनका यह 'कूल' अंदाज युवाओं को खूब पसंद आ रहा है।
सबसे मजेदार बात यह है कि तेजप्रताप ने अपनी सवारी के लिए हरे रंग की ही बाइक चुनी है। अब यह केवल इत्तेफाक है या उनकी कोई सोची-समझी पसंद यह कौन जाने, लेकिन इसे उनके पिता लालू प्रसाद यादव की पार्टी राजद के रंग से जोड़कर देखा जा रहा है। व्लॉग में वे न केवल बाइक की रफ्तार का आनंद ले रहे हैं, बल्कि ट्रैफिक नियमों का पालन करते हुए पूरी किट के साथ नजर आ रहे हैं। तेजप्रताप अक्सर कभी कृष्ण भक्ति, कभी जिम में पसीना बहाते तो कभी साइकिल की सवारी करते दिखते हैं, लेकिन इस बार उनका यह 'सुपरबाइक अवतार' खूब वायरल हो रहा है।
फ़िलहाल राजनीति से दूर, अपनी हॉबी को एन्जॉय करते तेजप्रताप का यह व्लॉग दिखा रहा है कि वे अपनी शर्तों पर जिंदगी जीना पसंद करते हैं। हालांकि अब देखना यह है कि उनकी इस 'ग्रीन मशीन' की रफ्तार आने वाले दिनों में बिहार की राजनीति के गलियारों में क्या नई चर्चा छेड़ती है।