सहरसा/बिहार
सहरसा में लगातार आज दूसरे दिन भी मिड-डे-मिल भोजन करने से कई बच्चे बीमार पड़ गए। घटना सौरबाजार थाना क्षेत्र की सहुरिया पंचायत स्थित कन्या मध्य् विद्यालय मुरचा की है। बच्चों ने आरोप लगाया कि खाने में सांप का कांटा और शरीर के कुछ हिस्से मिले हैं।

इससे पहले भी खाने में मिला था सांप का बच्चा
सभी बीमार बच्चों को आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। इधर, अभिभावक भी सूचना मिलते ही अस्पताल पहुंचे और स्कूल प्रबंधन के खिलाफ नाराजगी जताते हुए हंगामा किया। बता दें कि इससे पहले गुरुवार को भी इसी जिले के महिषी प्रखंड के मध्य विद्यालय बलुआहा में भी खाने में सांप का बच्चा देखा गया था, इसी खाने को खाने के बाद लगभग दो दर्जन से अधिक बच्चे बीमार पड़ गए थे। खाना खाने के बाद बच्चों ने उल्टी, दस्त, जी मिचलाना, घबराहट और पेट दर्द की शिकायत स्कूल प्रबंधन से की थी। जिसके बाद स्कूल में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। इसके बाद स्कूल प्रबंधन की ओर से सभी बच्चों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। उधर, सूचना मिलने के बाद अभिभावक स्कूल प्रबंधन के खिलाफ जमकर हंगामा किया और इसकी सूचना पुलिस को दी। साथ ही पुलिस-प्रशासन से स्कूल प्रबंधन के खिलाफ उच्च जांच कराने और कड़ी कार्रवाई करने की मांग रखी थी।
.jpeg)
NGO उपलब्ध कराती है भोजन
जानकारी के मुताबिक, बलुआहा स्कूल में मिड-डे-मिल की आपूर्ति एक NGO के माध्यमे से की जाती है, जो पहले से तैयार भोजन स्कूल में उपलब्ध कराता है। बहरहाल, लगातार सामने आ रही घटनाओं के बाद स्कूल प्रबंधन और NGO पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं। फिलहाल प्रशासन भोजन के नमूनों की जांच कर रही है। स्वास्थ्य विभाग बच्चों की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। अभिभावकों में गुस्सा और नाराजगी है। इस घटना ने अभिभावकों की चिंता बढ़ाई दी है।