logo

MLC टिकट नहीं मिला तो छलका शिवचंद्र राम का दर्द, RJD के सभी पदों से दिया इस्तीफा!

rjd15.jpg

पटना/बिहार

बिहार विधान परिषद् चुनाव के लिए उम्मीदवार नहीं बनाये जाने से नाराज होकर RJD के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री शिवचंद्र राम ने पार्टी के सभी पदों से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने सोमवार को पटना में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई। इसी कॉन्फ्रेंस में पार्टी के सभी पदों से अलग होने का आधिकारिक तौर पर ऐलान किया। शिवचंद्र राम का पार्टी में पद छोड़ना राजद के लिए एक बड़ा संगठनात्मक झटका माना जा रहा है। राजद ने एक सीट के लिए सुनील सिंह का नाम आज ही तय किया और फिर उन्होंने नामांकन कराया।

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान भावुक नजर आए
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पूर्व मंत्री बेहद भावुक नजर आए और मीडिया के सामने ही फूट-फूट कर रोने लगे। उन्होंने रुमाल से अपने आंसू पोंछते हुए रूंधे गले से कहा, कि "पिछले तीन-चार दिनों से मैंने अपनी जिंदगी के सबसे कड़े और दर्दनाक पल बिताए हैं। भगवान न करे कि ऐसी जिंदगी किसी और को देखनी पड़े। मैं पिछले चार रात से नहीं सो पाया हूं। इस दौरान उन्होंने अपनी वफादारी का जिक्र करते हुए आगे कहा कि वे वर्ष 1990 से ही राजद दल के साथ जुड़े हुए हैं। उन्होंने हमेशा लालू प्रसाद यादव के 'सामाजिक न्याय' और तेजस्वी यादव के 'आर्थिक न्याय' की विचारधारा को धरातल पर पूरी मजबूती के साथ उतारने का काम किया है। उन्होंने आगे कहा कि खुद को पार्टी का एक मजदूर और दरबारी बताया। कहा कि इस दौरान पार्टी नेतृत्व ने उन्हें हमेशा सम्मान दिया है, जिसके लिए वे पार्टी के शीर्ष नेताओं के आभारी हैं।

उनके साथ भारी नाइंसाफी की गई
मंत्री ने आगे कहा कि पार्टी के भीतर उनके साथ भारी नाइंसाफी की गई है। उन्होंने आगे पार्टी पर आरोप लगाते हुए कहा कि उनको उम्मीदवार न बनाकर केवल मेरे साथ ही अन्याय नहीं हुआ बल्कि बिहार के करोड़ों गरीब, दबे-कुचले, दलित और अति पिछड़े समाज के लोगों की भी भावनाएं आहत हुई हैं। आगे उन्होंने कहा कि उनके समर्थक पूरे बिहार से आए हैं और पटना के होटलों में ठहरे हुए हैं। पार्टी के इस फैसले से जनता बेहद दुखी और आक्रोशित हैं। उन्होंने खुद को बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर, संत रविदास, वीर चोहरमल, गाडगे बाबा और बिरसा मुंडा जैसी महान विभूतियों के विचारों को मानने वाले बहुजन समाज के नेता बताया। उन्होंने कहा कि अब उनका उद्देश्य उन समर्थकों और शोषित वर्ग के लोगों का सम्मान को वापस लौटाना है, जो कई सालों से हर परिस्थिति में उनके लिए खड़े रहे हैं। इसके बाद उन्होंने कहा कि वे अपने समाज के लोगों को फिर से 'बूस्ट अप' करने के लिए जल्द ही कड़ा कदम उठाएंगे।

Tags - Shivchandra Ram resignation RJD leader resigns Bihar politics RJD crisis Shivchandra