शेखपुरा/ बिहार
बिहार के शेखपुरा जिले में आंधी-बारिश में भैंस खोजने घर से निकले युवक की करेंट की चपेट में आने से मौत हो गई। 11 हजार वोल्ट के हाईटेंशन तार की चपेट में आया 26 वर्षीय चंदन कुमार, मौके पर ही मौत हो गई। घटना जिले के कसार थाना क्षेत्र के रघुनाथपुर गांव का है। हादसे के बाद से इलाके में कोहराम मच गई। परिवार में मातम का माहौल है।

गांव में शोक की लहर
जानकारी के मुताबिक, शाम तक भैंस घर नहीं लौटी थी, जिसे खोजने के लिए चंदन खेत-खलिहान की तरफ निकला था। इसी क्रम में आंधी-बारिश में 11 हजार वोल्ट के हाईटेंशन तार खेत में पहले से गिरा हुआ था, नहीं देखने के कारण तार की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों में चीख-पुकार मच गई।

प्रशासन से मुआवजा की मांग
सूचना मिलते ही कसार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पूछताछ में ग्रामीणों ने बताया कि आंधी-बारिश में बिजली की तार गिरी है, जिसकी जानकारी किसी को नहीं थी। स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है।