शेखपुरा/बिहार
बिहार के शेखपुरा में शुक्रवार की रात ट्रक चालक की गलती के कारण स्कॉर्पियो पेड़ से टकराई औऱ गड्ढे में पलट गई। हादसे में भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष समेत तीन लोग घायल हो गए, इनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना नगर थाना क्षेत्र के शेखपुरा-लखीसराय मुख्य सड़क मार्ग पर एकसारी मोड़ के पास का है।

घायलों की पहचान, एक गंभीर
घायलों की पहचान भाजपा के पूर्व शेखपुरा जिलाध्यक्ष एवं प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य संजीत प्रभाकर, पूर्व जिला महामंत्री अशोक सिंह और बरबीघा प्रखंड अध्यक्ष सुबोध सिंह के रुप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां सबकी इलाज चल रही है। डॉक्टरों के मुताबिक संजीत प्रभाकर को गंभीर चोटें आईं हैं। प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए डॉक्टरों ने उन्हें पावापुरी रेफर कर दिया गया है।

ट्रक चालक की गलती से हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, ये लोग लखीसराय से शेखपुरा लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक की गलती के कारण स्कॉर्पियो अनियंत्रित हो गया। जिसके बाद स्कॉर्पियो पेड़ से जा टकराई औऱ गड्ढे में गिर गई। हादसे के बाद से ट्रक चालक फरार है। पूछताछ में घायल संजीत प्रभाकर ने बताया कि वे खुद स्कॉर्पियो चला रहे थे। फिलहाल पुलिस ट्रक चालक की छानबीन में जुटी हुई है।