द फॉलोअप डेस्क
सासाराम विधानसभा सीट से राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के प्रत्याशी सत्येंद्र साह को झारखंड के गढ़वा जिले में वर्ष 2004 की एक बैंक डकैती के मामले में गिरफ्तार किया गया है। यह कार्रवाई नामांकन प्रक्रिया पूरी करने के कुछ ही समय बाद की गई। रोहतास के एसडीपीओ टू कुमार वैभव ने पुष्टि की कि उन्हें गढ़वा न्यायालय में पेश करने के लिए न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।

गढ़वा पुलिस के अनुसार, सत्येंद्र साह इस पुराने डकैती कांड में नामजद अभियुक्त हैं, और उनके खिलाफ न्यायालय द्वारा स्थायी वारंट (लाल वारंट) भी जारी किया गया था। बताया जा रहा है कि 2004 में गढ़वा शहर के चिरौंजिया मोड़ स्थित एक बैंक में हुई लूट की घटना में वे शामिल थे। यह मामला लंबे समय से लंबित था। पुलिस रिकॉर्ड दर्शाते हैं कि सत्येंद्र साह पर 20 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें लूट, डकैती, आर्म्स एक्ट के उल्लंघन और धमकी जैसे गंभीर आरोप शामिल हैं।

पुलिस ने सुरक्षा की दृष्टि से लगभग 10 गाड़ियों के काफिले के साथ उन्हें गढ़वा लाया और सदर थाना में कानूनी प्रक्रिया पूरी की। इस गिरफ्तारी से स्थानीय राजनीति में हलचल मच गई है। राजद समर्थकों का कहना है कि यह गिरफ्तारी राजनीतिक दबाव में की गई है और इसे चुनावी साजिश करार दिया। उनका आरोप है कि चुनाव से ठीक पहले यह कार्रवाई, उनके नेता की छवि खराब करने की कोशिश है।