द फॉलोअप डेस्क
बिहार के किशनगंज में मंगलवार को निगरानी विभाग की टीम ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। प्रखंड कार्यालय के समीप स्थित एक होटल से राजस्व कर्मचारी राजदीप पासवान को 2.5 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तारी के बाद प्रखंड कार्यालय के कर्चारियों में हड़कंप मच गया। 
मिली जानकारी के अनुसार खगड़ा निवासी ओवेस अंसारी ने निगरानी विभाग में शिकायत की थी और कहा था कि उनकी जमीन के दाखिल-खारिज परिमार्जन के नाम पर राजस्व कर्मचारी राजदीप पासवान द्वारा 2.5 लाख रुपये घूस की मांग की जा रही है। शिकायत की सत्यता जाँचने के बाद निगरानी विभाग की टीम ने एक विशेष जांच अभियान चलाया और जाल बिछाकर प्रखंड कार्यालय के समीप स्थित अभिषेक होटल से घूस लेते हुए राजस्व कर्मचारी को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। .jpg)
मामले को लेकर निगरानी विभाग के डीएसपी विनोद कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि वादी ओवेस अंसारी ने अंचल अधिकारी को आवेदन दिया था, जिसके बाद उन्हें राजस्व कर्मचारी राजदीप पासवान के पास भेजा गया था। राजदीप पासवान ने रिश्वत की मांग की, जहां 2.5 लाख रुपये में मामला तय हुआ था।
इसके बाद डीएसपी के नेतृत्व में गठित सात सदस्यीय टीम ने आज कार्रवाई करते हुए प्रखंड कार्यालय के पास स्थित अभिषेक होटल से राजदीप पासवान को घूस लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। और आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए आरोपी को गिरफ्तार कर पटना ले जाया गया है।