logo

रोहिणी में दिल्ली-बिहार पुलिस का संयुक्त ऑपरेशन, चुनाव से पहले रंजन पाठक समेत 4 कुख्यात अपराधी ढेर

रंजन.jpg

द फॉलोअप डेस्क
दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने बिहार पुलिस के साथ मिलकर एक बड़ी सफलता हासिल की है। रोहिणी इलाके में गुरुवार तड़के करीब 2:20 बजे हुई एक मुठभेड़ में बिहार के कुख्यात रंजन पाठक गिरोह के चार सदस्यों को मार गिराया गया है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि ये गिरोह सदस्य आगामी बिहार विधानसभा चुनाव से पहले राजधानी दिल्ली में किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। सूचना पर कार्रवाई करते हुए, दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा और बिहार पुलिस की संयुक्त टीम ने इलाके में जाल बिछाया।

जब पुलिस टीम ने संदिग्धों को रोकने की कोशिश की, तो बदमाशों ने तुरंत गोलीबारी शुरू कर दी। जिसके बाद पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की, और दोनों पक्षों के बीच हुए मुठभेड़ में 4 अपराधियों को गोली लगी. इसके बाद घायल हुए चारों आरोपियों को तुरंत रोहिणी के एक अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, डॉक्टरों ने जाँच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मारे गए लोगों की पहचान गिरोह के सरगना रंजन पाठक, बिमलेश महतो उर्फ ​​बिमलेश साहनी (25), मनीष पाठक (33), और अमन ठाकुर (21) के रूप में हुई है। ये चारों बिहार में हत्या और सशस्त्र डकैती सहित कई गंभीर आपराधिक मामलों में शामिल थे।

इस घटना के बाद दिल्ली पुलिस और बिहार पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने तुरंत घटनास्थल का दौरा किया। डीसीपी अपराध शाखा, संजीव यादव ने पुष्टि की है कि आगे की जाँच के लिए फोरेंसिक और अपराध स्थल जाँच टीम को मौके पर बुलाया गया है। इस मुठभेड़ को बिहार चुनाव से ठीक पहले एक बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है।

Tags - bihar news bihar latest news bihar khabar bihar trending news rohini news delhi news delhi police news bihar police news