द फॉलोअप डेस्क
बिहार विधानसभा चुनाव के बीच बुधवार को पुलिस टीम पर हमले की एक बड़ी खबर आई है, जो कि बाढ़ अनुमंडल के गंजपर गांव से जुड़ा है। दरअसल गांव में शराबियों को पकड़ने के लिये मद्य निषेध की टीम पहुंची थी, इसी क्रम में ग्रामीणों ने उन पर हमला बोल दिया। इस घटना में चार पुलिसकर्मी घायल हो गए हैं। इसके सतह ही उपद्रवियों ने पुलिस की चार गाड़ियाँ भी तोड़ दी। 
घटना को लेकर मद्य निषेध विभाग के पटना के इंस्पेक्टर इंचार्ज राजेन्द्र प्रसाद ने बताया कि "हम लोग छह गाड़ियों से बख्तियारपुर के बाद अथमलगोला के रामनगर दियारा होते हुए स्टेट हाइवे से निकल रहे थे। गंजपर गांव के आस-पास कुछ शराबी हुड़दंग करते हुए देखे गये। इस पर टीम ने एक शराबी को गिरफ्तार कर गाड़ी में बैठा लिया। इसके बाद वहां मौजूद सभी शराबी और आस-पास मौजूद ग्रामीण आक्रोशित हो गये।".jpeg)
उन्होंने आगे बताया कि "गुस्साए लोगों ने पुलिस टीम पर दनादन रोडे और पत्थर की बरसात कर दी। साथ ही साथ मद्य निषेध पुलिस की चार गाड़ियां तोड़ दी गयी। कुछ पुलिसकर्मियों को चोट भी आयी है। जिनका इलाज सीएचसी अथमलगोला में किया गया। मद्य निषेध पुलिस के बयान पर अथमलगोला थाने में 14 नामजद और कुछ अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।"
वहीं थानाध्यक्ष नवीन कुमार ने जानकारी दी है कि इस मामले में 14 नामजद सहित अन्य को आरोपी बनाते हुए मामला दर्ज कर लिया गया है। दर्ज करायी गयी प्राथमिकी के आधार पर एक अभियुक्त गंजपर निवासी सुखदेव कुमार को गिरफ्तार किया गया है।