द फॉलोअप डेस्क
बिहार विधानसभा चुनाव के बाद अब नई सरकार का इस साल का बजट सत्र शुरू होने वाला है। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक नीतीश सरकार ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के विधानसभा के बजट सत्र की तैयारी शुरु कर दी है। जानकारी के अनुसार, बिहार विधानसभा का आगामी बजट सत्र फरवरी के तीसरे सप्ताह से शुरू होने की संभावना है, हालांकि अभी तक इसकी आधिकारिक तारीखों की घोषणा नहीं की गई है।
इस बजट सत्र के दौरान वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए तीसरा अनुपूरक बजट पेश करने की भी तैयारी है। सूत्रों से मिली जानकारी अनुसार सभी विभागों से तीसरे अनुपूरक बजट के लिए 19 जनवरी तक प्रस्ताव माँगा गया है। गौरतलब है कि इससे पहले वित्तीय वर्ष 2025-26 में पहला अनुपूरक बजट 57,946 करोड़ रुपये और दूसरा अनुपूरक बजट 91,717 करोड़ रुपये का पेश किया जा चुका है। तीसरे अनुपूरक बजट में मुख्य रूप से विभिन्न योजनाओं के खर्च के पैटर्न में बदलाव को लेकर सुझाव लिए जा रहे हैं। 
वित्त विभाग की ओर से सभी विभागों को भेजे गए पत्र में यह भी स्पष्ट किया गया है कि केंद्र प्रायोजित योजनाओं के लिए आवश्यक मैचिंग ग्रांट की व्यवस्था अनुपूरक बजट के माध्यम से की जाएगी। यदि किसी केंद्रीय योजना के तहत भारत सरकार की ओर से राशि जारी कर दी गई है, लेकिन राज्य बजट में उसके खर्च का प्रावधान नहीं हो सका है तो तीसरे अनुपूरक बजट में उसके लिए भी प्रावधान किया जाएगा।