logo

Bihar : महिला का वेश धारण कर राहगीरों को लूटता था गिरोह, पुलिस ने ऐसे धर दबोचा

WhatsApp_Image_2022-03-02_at_18_01_14_(1).jpeg

हाजीपुर: 

बिहार में मदद मांगने के बहाने लूटने वाले गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। मामला हाजीपुर का है। पुलिस ने यहां एक ऐसे गिरोह को पकड़ा है जो देर रात वेश बदलकर राहगीरों को लूटता था। पता चला है कि गिरोह के सदस्य महिला का वेश बनाकर राहगीरों से मदद मांगते थे। गिरोह बिहार के मुजफ्फरपुर राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-22 पर लूटपाट की घटनाओं को अंजाम देता था। 

हाजीपुर-मुजफ्फरपुर हाइवे पर लूट
पुलिस ने बताया कि गिरोह बिहार के हाजीपुर और मुजफ्फरपुर के बीच राष्ट्रीय राजमार्ग में लोगों के साथ लूटपाट किया करता था। यहां हमेशा गाड़ियों का आवागमन होता है। यहां साड़ी पहनी एक महिला अक्सर रात को लोगों से मदद मांगती थी। लोग महिला होने के नाते उसकी मदद को तैयार हो जाते थे। इसी दौरान गिरोह के बाकी सदस्य मदद करने वाले शख्स के साथ लूटपाट करते थे। बताया जा रहा है कि गिरोह ने अब तक दर्जनों लोगों को अपना शिकार बनाया है।

 

पुलिस ने आरोपियों को किया गिरफ्तार
पुलिस ने गिरोह में शामिल ट्रक चालक सहित अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि गिरोह के सदस्य रात को साड़ी पहनकर महिला का वेश धारण कर लेते थे। इसके बाद हाइवे पर खड़े होकर राहगीरों से मदद अथवा लिफ्ट मांगते थे। महिला को देख लोग आसानी से झांसे में आ जाते थे। गिरोह उसके पीछे लग जाता था। जैसे ही कोई सुनसान जगह मिलती, गिरोह के लोग शख्स को घेर लेते और सारा सामान लूट लेते थे। 

पुलिस को मिली थी गुप्त सूचना
मंगलवार की देर रात पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि गिरोह ऐसी ही किसी घटना को अंजाम देने की फिराक में है। सूचना मिलते ही स्थानीय थाने के थानाध्यक्ष रामकृष्ण परमहंस दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और धावा बोल दिया। पुलिस ने गिरोह के एक सदस्य को चोरी की बाइक और टॉर्च के साथ पकड़ा। गिरोह के बाकी लोगों की तलाश जारी है।