द फॉलोअप डेस्क:
Patna Hostel Fire: पटना (Patna) के फुलवारी शरीफ (Phulwari Sharif) स्थित रहमानी हॉस्टल (Rahmani Hostel) में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। घटना के समय हॉस्टल में करीब 60 छात्राएं मौजूद थीं। आग एक कमरे में लगी, जहां तीन छात्राएं रहती थीं। बताया जा रहा है कि कमरे में बिजली के बोर्ड के पास रखी मच्छरदानी में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग बिस्तर तक पहुंच गई और कमरे में धुआं भरने लगा। धुआं फैलते ही कमरे में मौजूद छात्राएं घबरा गईं और मदद के लिए शोर मचाने लगीं।

आधे घंटे की मशक्कत के बाद बुझी आग
छात्राओं की आवाज सुनकर हॉस्टल में मौजूद अन्य छात्राएं और कर्मचारी तुरंत मौके पर पहुंचे। इसके बाद पुलिस और अग्निशमन विभाग को घटना की सूचना दी गई। जानकारी मिलते ही दमकल की एक यूनिट हॉस्टल पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। हालांकि, कमरे में रखे बिस्तर और अन्य सामान आग की चपेट में आ गए।

कुछ दिन पहले छात्राओं को मिला था अग्निशमन प्रशिक्षण
रहमानी-30 मैनेजमेंट के प्रभारी अतुल कुमार के अनुसार, बिजली के बोर्ड में स्पार्क होने से शॉर्ट सर्किट हुआ, जिसके कारण मच्छरदानी में आग लग गई। उन्होंने बताया कि कुछ दिन पहले ही हॉस्टल की छात्राओं को अग्निशमन से जुड़ा प्रशिक्षण दिया गया था। घटना के दौरान इसका फायदा भी देखने को मिला। छात्राओं ने तुरंत गार्ड और हॉस्टल के पदाधिकारियों को सूचना दी, जिसके बाद दमकल विभाग को बुलाया गया। समय रहते अग्निशमन विभाग की टीम पहुंच गई और आग को दूसरे कमरों तक फैलने से रोक लिया गया।