द फॉलोअप डेस्क:
Patna Chori: पटना (Patna) में छठ महापर्व (Chhath Puja) के दौरान चोरों ने बंद मकानों को निशाना बनाकर कई बड़ी चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया है। राजधानी में 13 से 16 नवंबर के बीच अलकापुरी, एजी कॉलोनी, गोपालपुर, राजीव नगर और कंकड़बाग समेत कई इलाकों में चोरी की वारदातें सामने आयी हैं। इन घटनाओं में करीब 4 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति चोरी होने का अनुमान है। चोरों ने बिहार सरकार के मंत्री संजय सिंह टाइगर के आवास से लेकर सेवानिवृत्त शिक्षक और कारोबारियों के घरों तक को निशाना बनाया।

रिटायर्ड शिक्षक और कारोबारी के घर चोरी
अलकापुरी में दरोगा राय हाई स्कूल के सेवानिवृत्त शिक्षक जवाहर झा के घर से करीब 85 लाख रुपये की संपत्ति चोरी हुई है। चोर घर से 500 ग्राम सोना, दो किलो चांदी, दो लाख रुपये नकद और विदेशी मुद्रा लेकर फरार हो गये। इसी मकान के सामने कारोबारी अमित कुमार सिंह के दो मंजिला घर के पांचों फ्लैटों के ताले तोड़ दिये गये। यहां से 30 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति चोरी होने का अनुमान है। वहीं, राजीव नगर में छठ मनाने गयी माधुरी के बंद घर से करीब 16 लाख रुपये के आभूषण और 10 हजार रुपये नकद चोरी कर लिये गये।

मंत्री के आवास से 95 लाख की संपत्ति गायब
चोरों ने पटना के एजी कॉलोनी स्थित बिहार सरकार के उच्च शिक्षा एवं विधि मंत्री संजय सिंह टाइगर के निजी आवास को भी निशाना बनाया। 14 और 15 नवंबर की दरमियानी रात हुई इस वारदात में करीब 95 लाख रुपये की संपत्ति चोरी होने की बात सामने आयी है। चोर घर से 600 ग्राम सोना, दो किलो चांदी के आभूषण और सात लाख रुपये नकद ले गये। इसके अलावा गोपालपुर के चक बैरिया में अरुण सिंह और धर्मेंद्र सिंह के मकान से करीब दो करोड़ रुपये के जेवर और 50 हजार रुपये नकद चोरी हुए। वहीं, कंकड़बाग में एक शोरूम की दीवार तोड़कर करीब एक लाख रुपये के कपड़े और 15 हजार रुपये नकद चुरा लिये गये।
.jpeg)
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
लगातार हुई इन घटनाओं के बाद पुलिस जांच में जुटी है। जवाहर झा के घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में दो संदिग्धों की तस्वीर सामने आयी है। वहीं, मंत्री संजय सिंह टाइगर के आवास पर पुलिस के साथ एफएसएल टीम ने भी जांच की और जरूरी साक्ष्य जुटाये। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी जानकारी और अन्य सुरागों के आधार पर चोरों की पहचान करने की कोशिश कर रही है। छठ के दौरान बड़ी संख्या में परिवारों के घर बंद रहने का फायदा उठाकर की गयी इन वारदातों ने पटना में पुलिस की गश्ती और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिये हैं।