logo

सीवान में दो मदरसा छात्रों की मौत पर पहुंचे पप्पू यादव, पीड़ित परिवारों को दी 50-50 हजार की मदद

सीवान में दो मदरसा छात्रों की मौत पर पहुंचे पप्पू यादव, पीड़ित परिवारों को दी 50-50 हजार की मदद

द फॉलोअप डेस्क:

Madrasa Students Death: सीवान (Siwan) के बड़हरिया प्रखंड के तेतहली गांव में मदरसा (Madrasa) के दो छात्रों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला लगातार चर्चा में है। शुक्रवार की देर शाम सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव पीड़ित परिवारों से मिलने तेतहली पहुंचे। उन्होंने मृतक छात्रों के परिजनों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली और उन्हें ढांढस बंधाया। इस दौरान उन्होंने दोनों परिवारों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी। इसके अलावा मदरसा दारुल उलूम फैजाने वारिस, तेतहली को एक लाख रुपये का अनुदान देने की घोषणा भी की।

परिजनों से मुलाकात कर निष्पक्ष जांच का दिया भरोसा

तेतहली पहुंचने के बाद पप्पू यादव ने सबसे पहले दोनों मृतक छात्रों के परिवारों से मुलाकात की। उन्होंने परिजनों से घटना के बारे में विस्तार से जानकारी ली और बच्चों की मौत पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि मासूम बच्चों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत बेहद गंभीर मामला है। इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए, ताकि मौत की असली वजह सामने आ सके। सांसद ने पीड़ित परिवारों को भरोसा दिलाया कि उन्हें न्याय दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा। उन्होंने मामले में दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग भी की।

एक ही पोखरे से अलग-अलग दिनों में मिले थे दोनों बच्चों के शव

दरअसल, तेतहली स्थित मदरसा से जुड़े दो छात्र जैद शहीदी और अशरफ अली संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गए थे। दोनों की तलाश के बीच अलग-अलग दिनों में उनके शव एक ही पोखरे से बरामद किए गए। महज दो दिनों के भीतर दो छात्रों के शव मिलने की घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया था। इस घटना के बाद मृतक बच्चों के परिजनों और स्थानीय लोगों ने उनके साथ मारपीट कर हत्या किए जाने की आशंका जताते हुए आरोप लगाए थे। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा। दोनों बच्चों की मौत से परिवारों में मातम है और स्थानीय लोग भी घटना को लेकर आक्रोशित हैं।

दोषियों पर कार्रवाई की उठी मांग

पप्पू यादव ने कहा कि पीड़ित परिवारों को न्याय मिलना चाहिए और मामले की जांच में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने इस मुश्किल समय में परिवारों के साथ खड़े रहने और उनकी लड़ाई में सहयोग करने का भरोसा दिया। वहीं, स्थानीय लोगों की भी मांग है कि दोनों छात्रों की मौत की निष्पक्ष जांच कराई जाए और घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई हो। लोगों का कहना है कि मामले की सच्चाई सामने आना जरूरी है, ताकि पीड़ित परिवारों को न्याय मिल सके। इस दौरान कांग्रेस नेता प्रेमचंद सिंह, जिलाध्यक्ष सुशील कुमार, डॉ. के एहतेशाम, रिजवान अहमद, संजय रानीपुरी समेत कांग्रेस के कई नेता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।
 

Tags - Bihar NewsBihar Latest NewsPappu Yadav Siwan VisitSiwan Madrasa Students Death