द फॉलोअप डेस्क
भोजपुर जिले में विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के मतदान के अगले दिन, आरा के चौरी थाना क्षेत्र में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब दुल्लमचक गांव में हथियार सहित पकड़े गए दो संदिग्ध युवकों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस और ग्रामीणों के बीच भीषण झड़प हो गई। दरअसल गुलजारपुर गांव के दो युवक मोटरसाइकिल से दुल्लमचक की ओर जा रहे थे। इसी दौरान वे पुलिस को देख कर भागने लगे, जिसके बाद गांव वालों ने उन्हें पकड़ लिया और पिटाई करने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया।.jpeg)
इसके बाद पुलिस तलाशी के दौरान दोनों युवकों के पास से दो देसी पिस्तौल बरामद हुई। वहीं युवकों को सौंपने के दौरान पुलिस और ग्रामीणों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो जल्द ही हिंसक झड़प में बदल गई। और ग्रामीणों के एक समूह ने पुलिस पर जमकर पथराव कर दिया। इस पथराव में चौरी थानाध्यक्ष, एक दारोगा और एक चौकीदार घायल हो गए।.jpg)
वहीं अगियांव सर्किल इंस्पेक्टर की गाड़ी, सिकरहट्टा और चौरी थाना की पुलिस की गाड़ियां समेत कई ग्रामीणों के वाहन क्षतिग्रस्त हो गए।
गांव वालों ने आरोप लगाया है कि दोनों युवक चुनाव में किसी पक्ष की मदद के लिए हथियार लेकर गांव पहुंचे थे, लेकिन ग्रामीणों द्वारा पकड़े जाने के बाद पुलिस ने उन्हें छोड़ दिया, जिससे आक्रोशित होकर ग्रामीणों ने पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया। पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है और इलाके में तनाव की स्थिति बन गई है।