द फॉलोअप डेस्क
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज मुजफ्फरपुर दौरे पर पहुंचे थे, जहां वे एक बड़े जनसभा को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने अपनी उपलब्विधियां गिनाते हुए पक्ष और राजद पर हमला बोला है। उन्होंने अपने चुनावी अभियान में सुशासन और विकास की बात करते हुए 2005 से पहले के शासनकाल पर तीखा हमला बोला।.jpeg)
उन्होंने जनसभा के दौरान कहा कि उनकी सरकार आने से पहले राज्य में भय, अपराध, सामाजिक टकराव और बुनियादी सुविधाओं (जैसे सड़कें और बिजली) का घोर अभाव था। मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा, "शाम होने के बाद लोग अपने घरों से बाहर नहीं निकलते थे। इसके विपरीत, पिछले 20 वर्षों में उनकी सरकार ने लगातार काम किया है, जिससे अब राज्य में किसी भी तरह के डर या धमकी का माहौल नहीं है, बल्कि चारों ओर प्रेम, भाईचारे और शांति का वातावरण है।" उन्होंने खासकर मुजफ्फरपुर में कानून व्यवस्था स्थापित करने और सभी विकास कार्यों को पूरा करने का दावा किया है।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार महिला सशक्तिकरण पर बात करते हुए कहा कि उन्होंने पिछले सात वर्षों में महिलाओं के लिए जो काम किया है, वह किसी और ने नहीं किया है, क्योंकि दूसरे लोगों ने केवल अपने परिवार तक ही ध्यान केंद्रित रखा। इस दिशा में उन्होंने मुख्यमंत्री महिला रोज़गार योजना की शुरुआत की है, जिसके तहत 1.21 करोड़ महिलाओं को रोज़गार शुरू करने के लिए 10,000 रुपए की राशि दी जा चुकी है, और सफल होने पर 2 लाख रुपए तक की अतिरिक्त सहायता भी दी जाएगी। उन्होंने 2006 में पंचायती राज और 2007 में शहरी स्थानीय निकायों में महिलाओं के लिए 50% आरक्षण देने के ऐतिहासिक फैसले का भी जिक्र किया, जिसने बड़ी संख्या में महिलाओं को लाभ पहुँचाया है।
नीतीश कुमार ने घोषणा की है कि अगले पाँच वर्षों में 1 करोड़ युवाओं को नौकरी और रोज़गार दिया जाएगा। शिक्षा के क्षेत्र में, 5 लाख 20 हज़ार सरकारी शिक्षकों की नियुक्ति की गई है, और पुराने/अनुभवी शिक्षकों को सरल परीक्षा के माध्यम से सरकारी शिक्षक बनने के लिए अवसर दिए गए हैं। उन्होंने यह भी बताया कि लगभग सभी घरेलू उपभोक्ताओं को मुफ्त बिजली मिलेगी, और सरकार घरों में मुफ्त सोलर पैनल भी लगाएगी। इसके अलावा, बुजुर्गों, दिव्यांगों और विधवाओं की पेंशन राशि 400 से बढ़ाकर 1,100 रुपए कर दी गई है, और मदरसों को सरकारी मान्यता देकर शिक्षकों को सरकारी शिक्षकों के बराबर वेतन दिया गया है।.jpeg)
अंत में, नीतीश कुमार ने विश्वास व्यक्त किया कि उनकी सरकार के बेहतर कार्यों और केंद्र सरकार के पूर्ण सहयोग से, बिहार देश के अग्रणी राज्यों में शामिल होने की दिशा में तेज़ी से आगे बढ़ेगा। जिसके लिए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद दिया।