द फॉलोअप डेस्क
बिहार विधानसभा चुनाव के संपन्न होने के बाद अब नयी सरकार बनाने की तैयारियां जोर-शोर से चल रही है। इस बीच मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज अपने पद से इस्तीफा देंगे। वे अपना इस्तीफा पत्र राजभवन जाकर राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान को सौपेंगे। इसके बाद वे नयी सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे। 
हालांकि इससे पहले जदयू के विधायक दलों की एक बैठक बुलाई गई है। जिसमें नीतीश कुमार को विधायक दल का नेता चुने जाने की औपचारिक घोषणा की जाएगी। वहीं आज सुबह 10 बजे भाजपा ने भी अपनी पार्टी की एक बैठक अटल सभागार में बुलाई है। यह बैठक केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और केंद्रीय पर्यवेक्षक व यूपी के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य की अध्यक्षता में रखी गई है, जहां सभी नवनिर्वाचित विधायक शामिल होंगे। इस दौरान भाजपा में भी विधायक दल के नेता का चयन किया जाएगा। 
इसके बाद आज दोपहर 3 बजे मुख्यमंत्री आवास पर NDA की एक बैठक होगी, जिसमें NDA के सबही 202 विधायक सह्मिल होंगे और एक विधायक दल के नेता का चुनाव करेंगे। इस बैठक में एक बार फिर से नीतीश कुमार को NDA के विधायक दल का नेता चुना जा सकता है। इसके बाद नीतीश कुमार अपने सहयोगियों के साथ राजभवन जाकर सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे, जिसके बाद नई सरकार बनाने की औपचारिक प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।