मुजफ्फरपुर/बिहार
मुजफ्फरपुर जिले के प्रसाद हॉस्पिटल में हुए भीषण अग्निकांड मामले में मृतकों की संख्या बढ़कर 7 हो गई है। हादसे के बाद गंभीर हालत में दूसरे निजी अस्पताल में भर्ती कराए गए अंजनी कुमार सिंह ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। परिजनों के अनुसार, घटना के समय वह अस्पताल के आईसीयू में भर्ती थे। हालांकि आग लगने के बाद उन्हें सुरक्षित निकालकर दूसरे अस्पताल में शिफ्ट किया गया था, जहां डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद भी उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।

16 घायल मरीजों का इलाज जारी
अग्निकांड के बाद प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड में है। ताजा जानकारी के अनुसार, हादसे में घायल हुए 16 मरीजों का इलाज मुजफ्फरपुर के विभिन्न सरकारी और निजी अस्पतालों में चल रहा है। डॉक्टरों की विशेष टीम लगातार मरीजों की निगरानी में जुटी हुई है। डॉक्टरों के मुताबिक, इनमें कुछ मरीजों की स्थिति अब भी चिंताजनक बनी हुई है।

परिजनों ने की सख्त कार्रवाई की मांग
हॉस्पिटल अग्निकांड के बाद अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। मामले की जांच के लिए गठित उच्चस्तरीय कमेटी फायर सेफ्टी मानकों, आपातकालीन निकास व्यवस्था और अन्य सुरक्षा प्रबंधों में संभावित लापरवाही की जांच कर रही है। वहीं मृतकों के परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। उन्होंने दोषी अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ कड़ी कार्रवाई, गिरफ्तारी और पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा देने की मांग की है।