द फॉलोअप डेस्क
पूर्णिया के निर्दलीय सांसद राजेश रंजन उर्फ़ पप्पू यादव के खाते में लंबे अर्से के बाद एक सुखद ख़बर आई है। उनके बेटे सार्थक रंजन काफ़ी कोशिशों के बाद आईपीएल में अब खेलते नजर आयेंगे। वैसे तो वे काफ़ी समय से घरेलू क्रिकेट खेलते रहे हैं लेकिन कल (16 दिसंबर) को वे कोलकाता नाइट राइडर्स की ओर से ख़रीद लिए गए। और अब (KKR) ने उन्हें अपनी टीम का हिस्सा बना लिया है। कल अबूधाबी के एतिहाद एरीना में आयोजित ऑक्शन में कोलकाता नाइट राइडर्स ने सार्थक को बेस प्राइस पर ख़रीद लिया- उनका बेस प्राइस 30 लाख रखा गया था और इसी क़ीमत पर उन्हें ख़रीद लिया गया। .jpeg)
बताते चलें कि पूर्णिया सांसद के बेटे सार्थक रंजन ने लोकसभा चुनाव से पूर्व अपने पिता- पप्पू यादव के साथ कांग्रेस की सदस्यता ली थी, जबकि उनकी माँ- रंजीता रंजन पहले से ही कांग्रेस की राज्यसभा सदस्य हैं- पिता के साथ कांग्रेस सदस्य बनने के बाद से ही ऐसे क़यास लगाए जा रहे थे कि क्रिकेट में करियर न बन पाने की स्थिति में शायद वे राजनीति की ओर रुख़ करेंगे, लेकिन आईपीएल की इस खबर ने एक बार फिर से उन्हें क्रिकेट में आगे बढ़ने पर मुहर लगा दिया है।
बिहार की सियासत में यह एक दिलचस्प चलन रहा है कि दिग्गज राजनेताओं के बच्चों ने राजनीति में आने से पहले अपनी अलग पहचान बनाने की कोशिश की है। यहां तक की लालू प्रसाद के बेटे तेजस्वी यादव ने क्रिकेट और राम विलास पासवान के बेटे चिराग़ पासवान ने सिनेमा की ओर रुख़ किया था- मतलब कि कोई खेल तो कोई सिनेमा, लेकिन उधर सफलता न मिलने के बाद ये दोनों फिर अपनी पारिवारिक राजनीतिक विरासत को संभालने राजनीति में लौट आए। .jpg)
तेजस्वी तो आईपीएल में दिल्ली डेयरडेविल्स के हिस्सा भी रहे लेकिन एक भी मैच नहीं खेल सके- हालाँकि आज की तारीख़ में ये दोनों नाम अपनी-अपनी पार्टियों के प्रमुख चेहरे हैं। वहीं बाँका के पूर्व सांसद दिग्विजय सिंह उर्फ़ दादा की बेटी श्रेयसी, जो आज नीतीश कैबिनेट में खेल मंत्री हैं- वो भी खेल से जुड़ी रही हैं, और देश का प्रतिनिधित्व शूटिंग जैसे इवेंट में किया है।
बहरहाल, बेटे के कोलकाता नाइट राइडर्स का हिस्सा बनने के बाद पप्पू यादव ने एक बेहद ही भावुक और प्यार भरा पोस्ट सोशल मीडिया पर साझा किया उन्होंने X पर लिखा- बधाई बेटू, जमकर खेलो, अपने प्रतिभा के दम पर, अपनी पहचान बनाओ, अपनी चाहत पूरी करो! अब सार्थक के नाम से बनेगी हमारी पहचान!
पप्पू यादव के इस पोस्ट से साफ झलकता है कि एक पिता के लिए राजनीति की जीत से कहीं बड़ी खुशी बेटे की मेहनत का सफल होना है। सार्थक रंजन एक ऑलराउंडर के तौर पर जाने जाते हैं और केकेआर जैसी मजबूत टीम के मार्गदर्शन और कोच की देखरेख में उनका निखरना अब तय माना जा रहा है।
सार्थक रंजन के लिए गर्व की बात यह भी है कि वे आईपीएल की सबसे सफल और लोकप्रिय टीमों में से एक का हिस्सा बनने जा रहे हैं। कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के नाम अब तक तीन आईपीएल ट्रॉफी जीतने का गौरव दर्ज है। टीम ने साल 2012 और 2014 में गौतम गंभीर की कप्तानी में खिताब जीता था, जबकि हाल ही में साल 2024 के सीजन में केकेआर ने तीसरी बार आईपीएल की चमचमाती ट्रॉफी अपने नाम कर अपनी बादशाहत साबित की। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि तीन बार की चैंपियन रही इस टीम के लिए सार्थक रंजन मैदान पर उतरकर क्या कमाल दिखाते हैं।