द फॉलोअप डेस्क
बिहार सरकार ने नए साल से पहले प्रशासनिक सेवाओं में बड़ा फेरबदल किया है। विभाग ने आज 30 दिसंबर को बड़े पैमाने पर आईएएस अधिकारियों का तबादला और नई नियुक्तियां की है। जारी अधिसूचना के मुताबिक कुल 15 अधिकारियों का तबादला और नई नियुक्ति हुई है। सबसे बड़ा फैसला आईएएस संजीव हंस को लेकर किया गया है, विभाग ने उनका सस्पेंसन समाप्त कर उन्हें राजस्व परिषद का अपर सदस्य बना दिया है। 
बता दें कि आईएएस संजीव हंस पर गैंगरेप केस और मनी लॉन्ड्रिंग केस का मामला चल रहा था। गैंगरेप केस से बरी होने के बाद उनका निलंबन समाप्त हुआ और अब उन्हें राजस्व परिषद का अपर सदस्य बनाया गया है।
वहीं आईएएस एन। विजयालक्ष्मी को बिहार राज्य योजना परिषद का सचिव बनाया गया है। इसके साथ ही उन्हें बिहार आपदा पुनर्वास सोसाइटी की परियोजना निदेशक का अतिरिक्त प्रभार मिला है। योजना और आपदा प्रबंधन से जुड़े अहम विभागों की जिम्मेदारी अब उनके पास होगी।.jpg)
आईएएस शीर्षत कपिल अशोक को पशु एवं मत्स्य संसाधन विभाग का सचिव, आईएएस के सेंथिल कुमार को गन्ना उद्योग विभाग का प्रधान सचिव और आईएएस नर्मदेश्वर लाल को कृषि विभाग का प्रधान सचिव नियुक्त किया गया है। आईएएस पंकज कुमार को ग्रामीण विकास विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, आईएएस विनय कुमार को नगर विकास एवं आवास विभाग की कमान मिली है।
आईएएस महेंद्र कुमार को खेल विभाग के विशेष सचिव का प्रभार सौंपा गया है। निलेश देवरे को पर्यटन विभाग का विशेष सचिव बनाया गया है, जबकि आईएएस अमित कुमार पांडेय को बीएमएसआईसीएल (BMSICL) के प्रबंध निदेशक का और आईएएस आरिफ अहसन को खेल विभाग के निदेशक का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।