logo

Maithili Thakur Land Dispute : मैथिली ठाकुर के पिता पर जमीन कब्जाने का आरोप, प्रशासन से जांच की मांग

मैथिली ठाकुर के पिता पर जमीन कब्जाने का आरोप, प्रशासन से जांच की मांग

द फॉलोअप डेस्क:

Land Encroachment: बिहार (Bihar) के दरभंगा (Darbhanga) जिले के तारडीह प्रखंड की पोखरभिंडा पंचायत (Pokharbhinda Panchayat) में जमीन और सड़क पर कथित अतिक्रमण को लेकर विवाद गहरा गया है। ग्रामीणों ने अलीनगर की विधायक मैथिली ठाकुर (Maithili Thakur) के पिता रमेश ठाकुर (Ramesh Thakur) पर सरकारी जमीन, सड़क और निजी जमीन पर जबरन कब्जा करने का आरोप लगाया है। इस मामले में ग्रामीणों ने संयुक्त रूप से अंचल अधिकारी (CO) को आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है। साथ ही मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) को भी शिकायत भेजी गई है और सहयोग पोर्टल पर अपनी आपत्ति दर्ज कराई गई है। मीडिया में प्रकाशित जानकारी के अनुसार, ग्रामीणों ने ग्राम देवता तिवारी बाबा स्थान के पास स्थित सामूहिक श्राद्धस्थल की जमीन और शशिनाथ मिश्रा चौक से वाटरवेज तक जाने वाली सड़क पर अतिक्रमण का आरोप लगाया है।

सड़क पर निर्माण से ग्रामीणों की परेशानी

ग्रामीणों का कहना है कि शशिनाथ मिश्रा चौक से वाटरवेज तक जाने वाली सड़क मुख्य सड़क से जुड़ती है और गांव के लोगों के खेतों तक पहुंचने का प्रमुख रास्ता है। आरोप है कि इस सड़क के कुछ हिस्से पर निर्माण कार्य करा दिया गया है, जिससे लोगों का आवागमन बाधित हो रहा है। इसका असर खेती-बारी के साथ-साथ ग्रामीणों के रोजमर्रा के कामों पर भी पड़ रहा है। ग्रामीणों ने तिवारी बाबा स्थान और सामूहिक श्राद्धस्थल की जमीन को लेकर भी दबाव बनाए जाने का आरोप लगाया है।

निजी जमीन पर कब्जे और रास्ता बंद करने का आरोप

गांव के गगन कुमार मिश्रा ने आरोप लगाया है कि उनकी करीब तीन कट्ठा निजी जमीन में से 14 धूर जमीन पर जबरन कब्जा कर बाउंड्रीवाल बना दी गई है। इससे उनके बाग-बगीचे तक जाने का रास्ता भी बंद हो गया है। वहीं, रामउदार मिश्र का आरोप है कि उनकी 15 धूर जमीन पर कब्जा किया गया है। उनका कहना है कि जमीन के बदले दूसरी जमीन देने की बात हुई थी, लेकिन अब तक न तो जमीन का अदला-बदली हुई और न ही उन्हें जमीन की कीमत दी गई। ग्रामीणों ने तालाब से निकलने वाले नाले को भरने का भी आरोप लगाया है। उनका कहना है कि नाले की जमीन पर जमीन की रखवाली करने वाले व्यक्ति के लिए घर बनाया गया और बाकी हिस्से पर सड़क बना दी गई। इसके अलावा गांव की बाबू दाय देवी ने बताया कि उनके बच्चे बाहर रहते हैं। आरोप है कि उनकी जमीन के बगल में मिट्टी की कटाई की गई है, जिससे उनकी जमीन का करीब दो से तीन गज हिस्सा कटकर गिरने की स्थिति में है। उस जमीन पर एक पेड़ के साथ सरकारी ट्रांसफार्मर भी लगा हुआ है। ग्रामीणों के मुताबिक, कुछ अन्य लोगों की जमीन पर भी मिट्टी कटाई की गई है। इन जमीनों पर उनके पूर्वजों की समाधियां बनी हुई हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि जिन लोगों से विधायक के पिता ने जमीन ली है, उन्हीं लोगों के आने-जाने का रास्ता भी बाधित कर दिया गया है।

CO ने दिए जांच के निर्देश, जनता दरबार में होगी सुनवाई

मामले पर प्रभारी अंचलाधिकारी आलोक कुमार ने बताया कि ग्रामीणों की ओर से आवेदन प्राप्त हुआ है। मामले की जांच के निर्देश दे दिए गए हैं। दोनों पक्षों को जनता दरबार में उपस्थित होने के लिए नोटिस जारी किया जाएगा। इसके बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, पोखरभिंडा पंचायत के सरपंच हरेराम चौपाल ने बताया कि इस मामले में अब तक ग्राम कचहरी में कोई मुकदमा दर्ज नहीं हुआ है। हालांकि, ग्रामीणों ने लोक संवाद के दौरान इस मुद्दे को उठाया था। फिलहाल, ग्रामीणों की शिकायत के बाद प्रशासनिक जांच की प्रक्रिया शुरू होने की बात कही जा रही है। आरोपों की पुष्टि जांच और प्रशासनिक कार्रवाई के बाद ही हो सकेगी।


 
 

Tags - Bihar News Bihar Latest News Maithili Thakur Father Land Encroachment Maithili Thakur News Darbhanga Land Dispute