द फॉलोअप डेस्क
बिहार के पश्चिम चंपारण जिले से जमीन विवाद में खूनी संघर्ष का मामला सामने आया है। बैरिया थाना क्षेत्र के भितहा मठिया गांव में शुक्रवार सुबह पारिवारिक विवाद हिंसक झड़प में बदल गया, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, घरारी की जमीन के बंटवारे को लेकर एक ही परिवार के सदस्यों के बीच सुबह करीब सात बजे कहासुनी शुरू हुई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि पिता और बड़े बेटे के साथ तीन अन्य पुत्रों ने अपने ही भाइयों पर धारदार हथियार और भाला से हमला कर दिया।
.jpg)
इस हमले में विजय पटेल जिनकी उम्र 40 वर्ष है, गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं अखिलेश पटेल जिनकी उम्र 30 वर्ष और कमलेश पटेल जिनकी उम्र 35 वर्ष है ये दोनों बुरी तरह घायल हो गए। सूत्रों के अनुसार, अखिलेश पटेल के पेट के बाएं हिस्से में भाला लगने से उनकी हालत नाजुक बनी हुई है और उनका इलाज जारी है। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही बैरिया थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।