द फॉलोअप डेस्क:
Nitish Setu Inauguration: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) ने शनिवार, 21 नवंबर को बिहार के कच्ची दरगाह-बिदुपुर सिक्सलेन पुल (Kachchi Dargah Bidupur Six Lane Bridge) का उद्घाटन किया। लेकिन उद्घाटन के बीच इस पुल पर तेजस्वी यादव (Tejashwi Yadav) और आरजेडी (RJD) के समर्थन में युवाओं की नारेबाजी चर्चा का विषय बन गई। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में कुछ युवा तेजस्वी यादव के समर्थन में नारे लगाते नजर आ रहे हैं। ऐसे में पीएम मोदी के उद्घाटन कार्यक्रम के बीच हुई इस नारेबाजी ने पुल को लेकर जारी राजनीतिक खींचतान को और चर्चा में ला दिया है।

पुल के श्रेय पर बीजेपी-RJD आमने-सामने
करीब 4,280 करोड़ रुपये की लागत से बने इस पुल का नाम नीतीश सेतु रखा गया है। यह गंगा नदी पर बना 9.76 किलोमीटर लंबा छह लेन का पुल है, जबकि एप्रोच रोड सहित पूरी परियोजना की लंबाई करीब 19.7 किलोमीटर है। पुल के निर्माण का श्रेय लेने को लेकर भी बीजेपी और आरजेडी आमने-सामने हैं। तेजस्वी यादव का कहना है कि 2016 में महागठबंधन सरकार के दौरान उनके उपमुख्यमंत्री और पथ निर्माण मंत्री रहते इसकी आधारशिला रखी गई थी। वहीं, एनडीए सरकार ने परियोजना में नीतीश कुमार और केंद्र की भूमिका को अहम बताया है। अब उद्घाटन के दिन हुई नारेबाजी ने इस सियासी बहस को एक नया मुद्दा दे दिया है।