logo

बिहार चुनाव से झामुमो का किनारा, मंत्री सुदिव्य कुमार बोले- कांग्रेस और राजद ने किया राजनीतिक छल

SUDIV2.jpg

द फॉलोअप डेस्क
बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर झारखंड की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। झारखंड सरकार में मंत्री और गिरिडीह विधायक सुदिव्य कुमार सोनू ने सोमवार को बड़ा राजनीतिक ऐलान करते हुए कहा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा अब बिहार चुनाव नहीं लड़ेगा। पार्टी न तो किसी सीट पर प्रत्याशी उतारेगी और न ही महागठबंधन के लिए प्रचार करेगी। मंत्री सुदिव्य कुमार ने कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) पर गठबंधन धर्म के उल्लंघन का आरोप लगाते हुए कहा कि सीटों के बंटवारे को लेकर झामुमो को जानबूझकर भ्रमित किया गया और अंत तक कोई ठोस प्रस्ताव नहीं दिया गया। इससे नाराज होकर झामुमो ने बिहार चुनावी मैदान से पूरी तरह हटने का फैसला लिया।


उन्होंने कहा कि झारखंड में झामुमो ने गठबंधन धर्म निभाते हुए कांग्रेस और राजद को कई मौके दिए, सीटें छोड़ीं और यहां तक कि सरकार में साझेदारी भी दी। इसके बावजूद बिहार में झामुमो को नजरअंदाज किया गया, जो कि राजनीतिक विश्वासघात के समान है। सुदिव्य कुमार ने कांग्रेस पर भी निशाना साधते हुए कहा कि इंडिया गठबंधन की प्रमुख पार्टी होने के बावजूद उसने न तो मध्यस्थता की और न ही कोई स्पष्ट रुख अपनाया, जिससे झामुमो की नाराज़गी और गहरी हो गई।


उन्होंने चेतावनी दी कि इस निर्णय का असर झारखंड की राजनीति पर भी पड़ेगा और पार्टी जल्द ही अपनी अगली रणनीति तय करेगी। झामुमो के इस कदम ने बिहार में महागठबंधन के समीकरणों को प्रभावित किया है, साथ ही झारखंड की राजनीतिक फिज़ा में भी नए तनाव के संकेत दे दिए हैं।