logo

मां के साथ शादी में शामिल होने जा रहे मासूम को ट्रेक्टर ने बेरहमी से कुचला, दर्दनाक मौत

ACCIDENT11.jpg

द फॉलोअप डेस्क
सहरसा जिले से सड़क हादसे का एक बड़ा मामला सामने आया है, जहां एक 7 वर्षीय मासूम को तेज रफ्तार ने अपनी चपेट में ले लिया जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। यह दुर्घटना सिमराहा बायपास रोड के पास घटी है। दुर्घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने ट्रेक्टर और चालक को पुलिस के हवाले कर दिया। 
मृतक मासूम की पहचान सहरसा नगर निगम वार्ड-5 निवासी मोहम्मद अख्तर के सबसे छोटे पुत्र 7 वर्षीय मोहम्मद आदिल के रूप में की गई है। बताया जा रहा है कि आदिल अपने चार भाई-बहनों में सबसे छोटा था। पिता मोहम्मद अख्तर देहरादून में मजदूरी करते हैं और तीन महीने पहले ही घर लौटे थे। 
पिता ने बताया कि पड़ोस में शादी थी और आदिल अपनी मां के साथ टहलते-टहलते वहीं जा रहा था। इसी क्रम में आरा से कोरलाही लौट रहे एक ट्रैक्टर ने बच्चे को जोरदार टक्कर मार दी। जिसके बाद बच्चे को घायल अवस्था में तुरंत सदर अस्पताल लाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद घर वालों का रो-रोकर बुरा हाल है।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत ट्रैक्टर चालक कोरलाही निवासी अभिमन्यु शर्मा को पकड़ लिया और पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने ट्रेक्टर को भी जब्त कर लिया है। मामले को लेकर सदर थानाध्यक्ष सुबोध कुमार ने जानकारी दी कि ट्रैक्टर जब्त कर लिया गया है और चालक हिरासत में है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। जिसके बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। 
 

Tags - Bihar news bihar latest news bihar update bihar trending news saharsa news saharsa khabar road accident news