द फॉलोअप डेस्क
बिहार में पूर्ण शराबबंदी कानून लागू होने के बावजूद अवैध शराब के कारोबार पर लगाम नहीं लग पा रही है। बिहार स्थित गोपालगंज में होली से पहले उत्पाद विभाग को शनिवार को वाहन जांच के दौरान शराब तस्करी मामले में बड़ी सफलता मिली है। कुचायकोट थाना क्षेत्र के कुर्म टोला जलालपुर रोड से प्लास्टिक की कुर्सियों में छिपाकर लाई जा रही 27 लीटर देसी शराब पकड़ाया है। जानकारी के मुताबिक, इस मामले में उत्तर प्रदेश का एक व्यक्ति रितेश कुमार नामक गिरफ्तार किया गया है। वहीं, पुलिस द्वारा छानबीन में पशु चारे और बाइक सीट के नीचे से भी शराब मिली है।

पुलिस और उत्पाद विभाग यूपी-बिहार सीमा पर कड़ी निगरानी रख रहे हैं। जानकारी के अनुसार, पड़ोसी राज्य उत्तर प्रदेश से लगे जिले गोपालगंज में शराब की खेप पहुंचाने के लिए धंधेबाज नए-नए जुगाड़ अपना रहे हैं। हालांकि पुलिस और उत्पाद विभाग की मुस्तैदी के कारण उनके मंसूबे लगातार नाकाम हो रहे हैं।
.jpeg)
वहीं, पुलिस ने मौके से बाइक और शराब जब्त कर ली है और उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। बहरहाल, जिले के एसपी विनय तिवारी और मद्य निषेध अधीक्षक अमृतेश कुमार ने साफ कहा है कि होली को लेकर पूरे जिले में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। यूपी-बिहार सीमा पर सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है।