logo

बिना बताए घर से बाहर जाने पर मां से पड़ी डांट, किशोरी ने आहत होकर फांसी लगाकर दी जान

suicide_hang.jpg

द फॉलोअप डेस्क
जमुई जिले से आत्महत्या का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां लक्ष्मीपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत हरला गांव में सोमवार देर शाम महज 14 वर्ष की एक किशोरी ने मां की डांट से नाराज होकर फांसी लगाकर जान दे दी। किशोरी ने साड़ी के सहारे छत में लगे एंगल से फंदा लगाकर आत्महत्या की है। 
घटना की सूचना मिलते ही मंगलवार सुबह लक्ष्मीपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जमुई सदर अस्पताल भेज दिया। वहीं नाबालिग की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। मामले को लेकर मृतका के पिता रविंद्र कुमार ने बताया कि घटना के वक्त वे मुंगेर एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। इसी दौरान उन्होंने घर पर फोन किया तो घरवालों ने मौत की खबर दी। जिसके बाद वे तुरंत घर लौटे। 
पिता ने आगे बताया कि उनकी बेटी सोमवार को बिना बताये लक्ष्मीपुर चली गई थी, जबकि उस दिन न तो स्कूल था और न ही ट्यूशन। और इसी बात को लेकर घर लौटने पर उसकी मां ने उसे डांटा था। पिता ने कहा कि वह इस साल मैट्रिक की परीक्षा भी देने वाली थी और पढ़ाई को लेकर भी दबाव था। 
वहीं मृतका के परिजनों ने बताया कि, रोज की तरह शाम में उस दिन भी मां दीपक जलाने गई, लेकिन उसने पाया कि कमरे का दरवाजा अंदर से बंद है। कई बार खटखटाया और आवाज लगाया लेकिन दरवाजा नहीं खुला। परिवार ने सोचा कि बेटी नाराज होकर सो गई है, इसलिए दरवाजा नहीं खोल रही। लेकिन उन्होंने कभी यह नहीं सोचा था कि मासूम बेटी इतना बड़ा और कठोर कदम उठा लेगी। 
रात गहराते-गहराते जब अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली, तो शक गहराया। जिसके बाद दरवाजा तोड़कर जैसे ही अंदर प्रवेश किया तो परिवार वालों के पैरों तले जमीन खिसक गई। 14 वर्षीय बच्ची फंदे से झूल रही थी। कमरे का दृश्य देखकर लोगों की चीख निकल गई।
 

Tags - Bihar news bihar latest news bihar update bihar trending news jamui news jamui khabar jamui update suicide news