द फॉलोअप डेस्क
बिहार के गया जिले के महकार थाना क्षेत्र के मुरारपुर गांव में पांच साल के एक बच्चे को पेट्रोल छिड़ककर जलाने का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना शुक्रवार को घटित हुई, जब गांव के चौकीदार के बेटे पर आरोप लगा कि उसने खेल-खेल में कहासुनी के बाद बच्चे पर पेट्रोल डालकर माचिस से आग लगा दी। इस घटना में बुरी तरह झुलसे बच्चे को इलाज के लिए गया मगध मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पीड़ित बच्चे के पिता, सुधीर कुमार, ने बताया कि उनका बेटा रॉकी कुमार गांव की दुकान से सामान लेने गया था, जो महकार थाना में तैनात चौकीदार की दुकान थी। दुकान पर बैठे चौकीदार के बेटे से किसी बात को लेकर रॉकी की कहासुनी हो गई। इसी विवाद के चलते आरोपी ने पेट्रोल डालकर माचिस से आग लगा दी। आग लगने से बच्चे का चेहरा बुरी तरह झुलस गया, हालांकि गर्म कपड़े के कारण उसके शरीर पर ज्यादा असर नहीं हुआ। बाद में आसपास के लोगों ने किसी तरह आग बुझाई और जख्मी हालत में बच्चे को महकार थाना ले गए, लेकिन पुलिस ने इलाज कराने की बात कहकर उन्हें भेज दिया।
बच्चे की मां अनीता देवी ने बताया कि आरोपी ने घटना के बाद कहा कि उसे कोई फर्क नहीं पड़ेगा और जो करना है वह कर सकते हैं। फिलहाल, बच्चे की हालत गंभीर है और उसे आईसीयू में भर्ती किया गया है। डॉक्टरों के अनुसार, बच्चे का चेहरा पूरी तरह से झुलस चुका है। उनकी आंख और चेहरे का सूजन कम होने के बाद आंखों की जांच की जाएगी।
यह मामला और भी चौंकाने वाला है क्योंकि जिस पर आरोप लगाया जा रहा है, वह भी केवल 9 साल का बच्चा बताया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।