logo

दिल्ली से बिहार के 13 शहरों तक चलेंगी बसें, 18 रूटों पर शुरू होगी सेवा

दिल्ली से बिहार के 13 शहरों तक चलेंगी बसें, 18 रूटों पर शुरू होगी सेवा

द फॉलोअप डेस्क:
Bihar Interstate Bus Service: दिल्ली (Delhi) और बिहार (Bihar) के बीच सफर करने वाले लाखों लोगों के लिए बड़ी राहत की खबर है। अब राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से बिहार के अलग-अलग शहरों तक नियमित बस सेवाएं उपलब्ध होंगी। शुक्रवार, 27 नवंबर को दिल्ली के कश्मीरी गेट (Kashmiri Gate) स्थित महाराणा प्रताप अंतरराज्यीय बस अड्डे से दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और बिहार के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में इस सेवा की शुरुआत की गई। इस मौके पर दोनों राज्य सरकारों के बीच 18 अंतरराज्यीय बस मार्गों पर परिचालन के लिए समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर भी किए गए।

 

 

18 रूटों से बिहार के कई शहरों तक पहुंचेंगी बसें

इस समझौते के तहत दिल्ली से बिहार के पटना, गया, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, भागलपुर, बक्सर, मधुबनी, पूर्णिया, अररिया, किशनगंज और नवादा समेत कई शहरों के लिए बसें चलेंगी। दोनों राज्यों को प्रत्येक मार्ग पर 12-12 बस परमिट देने का प्रावधान किया गया है। बसों का संचालन एसी और नॉन-एसी श्रेणियों में होगा। बिहार राज्य पथ परिवहन निगम ने अंतरराज्यीय परिचालन के लिए 75 नॉन-एसी और 74 एसी बसों की व्यवस्था की है। इसके अलावा पीपीपी मॉडल के तहत 150 अतिरिक्त बसें भी संचालित करने की योजना है।

त्योहारों में घर जाने वाले यात्रियों को मिलेगी राहत

इस पहल का सबसे बड़ा फायदा दिल्ली में रहने वाले बिहार और पूर्वांचल के लोगों को मिलेगा। खासकर छठ और दीपावली जैसे त्योहारों के दौरान घर जाने के लिए यात्रियों को ट्रेन टिकट की कमी और बसों में भीड़भाड़ जैसी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। अब सालभर नियमित बस सेवा उपलब्ध होने से लोगों के लिए अपने घर और परिवार तक पहुंचना आसान होगा। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इस पहल को दोनों राज्यों के बीच बेहतर संबंध और आवागमन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। कार्यक्रम में दिल्ली के परिवहन मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह, बिहार के परिवहन मंत्री दामोदर रावत समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।


 

Tags - Bihar Latest NewsDelhi Bihar Bus ServiceDelhi to Bihar BusBihar Interstate Bus ServiceDelhi Bihar Bus Routes