द फॉलोअप डेस्क
बिहार विधानसभा चुनाव के परिणाम आये पूरे 5 दिन बीत चुके हैं। और 22 नवंबर को नीतीश कुमार की वर्तमान सरकार का कार्यकाल भी खत्म हो रहा है। इसी बीच नयी सरकार बनाने की तैयारियां भी जोर-शोर से शुरू हो चुकी है। इसके पहले ही एक बड़ी खबर आ रही है कि अब NDA के घटक दलों में शामिल BJP और JDU में गृह मंत्रालय और विधानसभा स्पीकर को लेकर विवाद शुरू हो गया है। 
आपको बता दें कि 20 नवंबर यानि कल NDA सरकार का शपथ ग्रहण समारोह होना है। वहीं नीतीश कुमार एक बार फिर मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ले सलते हैं। इस बीच BJP और JDU के बीच मंत्रालय के बंटवारे को लेकर बात चल रही है। सूत्रों के अनुसार बीजेपी गृह मंत्रालय अपने पास चाहती है लेकिन नीतीश कुमार किसी भी हाल में इस विभाग को छोड़ना नहीं चाहती है।
दरअसल 2005 के बाद जब से नीतीश कुमार ने बिहार के मुख्यमंत्री का पदभार संभाला है तब से गृह मंत्रालय JDU के कोटे में रहा है। लेकिन अब इस विभाग को लेकर BJP और JDU में विवाद होता दिखायी दे रहा है। गृह मंत्रालय को लेकर शुरू हुए विवाद से पहले NDA में स्पीकर को लेकर भी विवाद हो रहा था। हालांकि सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार विधानसभा स्पीकर और दो उपमुख्यमंत्री BJP के कोटे से रहने वाले हैं। 
जिसमें विधानसभा स्पीकर के पद के लिए बीजेपी के वरिष्ट नेता प्रेम कुमार का नाम आगे चल रहा है। वहीं उपमुख्यमंत्री की रेस में सम्राट चौधरी, रामकृपाल यादव, मंगल पांडे और रजनीश कुमार के नाम की चर्चा हो रही है। हालांकि आज की होने वाली बैठक में ही यह साफ़ हो पायेगा कि किसे कौन सा विभाग मिलता है, और किसे स्पीकर और उपमुख्यमंत्री का पद दिया जाता है।