द फॉलोअप डेस्क
बिहार में आज राज्यसभा की पांच सीटों के लिए मतदान हो रहा है। सुबह 9 बजे से वोटिंग प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और शाम 4 बजे तक चलेगी। वहीं शाम में परिणाम भी घोषित कर दिए जाएंगे। इस बीच मोकामा से जदयू विधायक अनंत सिंह को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है। कोर्ट के आदेश के बाद अनंत सिंह आज जेल से बाहर आकर राज्यसभा चुनाव में मतदान करेंगे। दरअसल, मोकामा विधायक अनंत सिंह इस समय दुलारचंद यादव हत्याकांड मामले में जेल में बंद हैं। लेकिन एमपी-एमएलए कोर्ट ने उन्हें राज्यसभा चुनाव में वोट डालने की अनुमति दे दी है। कोर्ट के आदेश के अनुसार अनंत सिंह पुलिस कस्टडी में बिहार विधानसभा लाए जाएंगे, जहां वे अपना वोट डालेंगे और उसके बाद उन्हें फिर से जेल वापस ले जाया जाएगा।
.jpeg)
गौरतलब है कि लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम 1951 की धारा 62(5) के तहत जेल में बंद व्यक्ति सामान्यतः मतदान नहीं कर सकता। हालांकि अदालत की विशेष अनुमति मिलने पर वह वोट डाल सकता है। इसी प्रावधान के आधार पर अनंत सिंह को यह राहत मिली है। बिहार में इस बार राज्यसभा की पांच सीटों के लिए चुनाव हो रहा है, जो सियासी तौर पर बेहद अहम माना जा रहा है। एनडीए ने पांचों सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं और सभी सीटें जीतने की कोशिश में है। वहीं राजद ने भी एक सीट पर अपनी दावेदारी पेश की है और तेजस्वी यादव ने अपनी पार्टी से एडी सिंह को उम्मीदवार बनाया है। फिलहाल पांचवीं सीट को लेकर अटकलें बनी हुई है।

बता दें कि राज्यसभा की एक सीट जीतने के लिए 41 विधायकों के समर्थन की जरूरत होती है। बिहार विधानसभा में एनडीए के पास कुल 202 विधायकों का समर्थन है, जिसके आधार पर चार सीटों पर उसकी जीत लगभग तय मानी जा रही है। लेकिन पांचवीं सीट के लिए संख्या का समीकरण काफी अहम हो गया है। ऐसे में अनंत सिंह का वोट एनडीए के लिए काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। कोर्ट से मिली अनुमति के बाद अब अनंत सिंह के वोट डालने से एनडीए खेमे को राहत मिली है और राज्यसभा चुनाव की इस प्रतिष्ठित लड़ाई में समीकरण और दिलचस्प हो गए हैं।