द फॉलोअप डेस्क
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आज महान स्वतंत्रता सेनानी विनायक दामोदर सावरकर की जयंती पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की है। इसकी जानकारी मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया। उन्होंने वीर सावरकर के विराट व्यक्तित्व को नमन करते हुए उन्होंने लिखा, "सावरकर माने तेज, सावरकर माने त्याग, सावरकर माने तप, सावरकर माने तत्व और सावरकर माने तारुण्य।"
सावरकर माने तेज,
— Samrat Choudhary (@samrat4bjp) May 28, 2026
सावरकर माने त्याग,
सावरकर माने तप,
सावरकर माने तत्व,
सावरकर माने तारुण्य…
राष्ट्रभक्ति, अदम्य साहस और अखंड राष्ट्र चेतना के प्रेरणास्रोत वीर सावरकर जी ने अपना सम्पूर्ण जीवन मातृभूमि की स्वतंत्रता और स्वाभिमान के लिए समर्पित कर दिया।
उनका त्याग, तप और राष्ट्र… pic.twitter.com/Mj5bjBvcfX
सावरकर केवल एक नाम नहीं, चेतना है
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि वीर सावरकर केवल एक नाम नहीं, बल्कि राष्ट्र चेतना की एक ऐसी प्रज्वलित ज्योति हैं, जिसने देश के लाखों युवाओं के दिलों में देशभक्ति की अलख जगाई और आज पूरा देश इस महान क्रांतिकारी को श्रद्धापूर्वक नमन कर रहा है। उन्होंने देश की आजादी के लिए उनके द्वारा सहे गए कष्टों को याद करते हुए कहा कि वीर सावरकर ने अपना पूरा जीवन भारत माता की स्वतंत्रता, स्वाभिमान और सांस्कृतिक अस्मिता की रक्षा के लिए समर्पित कर दिया था। ब्रिटिश हुकूमत द्वारा दी गई कालापानी की कठिन और अमानवीय यातनाएं हों या अंग्रेजों के बेहिसाब अत्याचार, हर बड़े संघर्ष और विपरीत परिस्थिति के बीच भी सावरकर मातृभूमि की रक्षा के लिए अडिग खड़े रहे। उनका अदम्य साहस और अखंड राष्ट्रभक्ति इतिहास के पन्नों में अमर है।

"वीर सावरकर अमर रहें"
उन्होंने आगे जोर देकर कहा कि वीर सावरकर का अद्वितीय त्याग, संघर्ष और राष्ट्रहित के प्रति अटूट समर्पण आने वाली पीढ़ियों को सदैव राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करता रहेगा। सावरकर जी ने अपने क्रांतिकारी विचारों और अप्रतिम साहस से देश में राष्ट्रभक्ति की एक नई और कालजयी परिभाषा गढ़ी थी। "वीर सावरकर अमर रहें" और "भारत माता की जय" के उद्घोष के साथ उपमुख्यमंत्री ने कहा कि इस महान चिंतक का जीवन हर भारतीय के लिए राष्ट्र प्रथम की भावना का सर्वोच्च उदाहरण है।