logo

चिराग ने नीतीश कुमार के पैर छूकर लिये आशीर्वाद, प्रधानमंत्री ने भाषण देने से रोका

gola3.jpg

द फॉलोअप डेस्क
बिहार के समस्तीपुर में शुक्रवार को हुई एनडीए की चुनावी रैली में सियासी गर्मी के बीच एक नया नजारा देखने को मिला। मंच पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रमुख चिराग पासवान के बीच ऐसा दृश्य सामने आया जिसने सबका ध्यान खींच लिया। रैली के दौरान जब चिराग पासवान मंच पर पहुंचे, तो उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पैर छूकर उनका आशीर्वाद लिया। इसके बाद दोनों नेताओं के बीच मुस्कुराते हुए बातचीत होती रही। मंच पर मौजूद उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और अन्य एनडीए नेताओं ने भी इस पल का स्वागत तालियों से किया। यह दृश्य एनडीए की एकजुटता का प्रतीक बन गया और राजनीतिक हलकों में इसे ‘मिलन का संदेश’ माना जा रहा है।


रैली के दौरान एक और वाकया चर्चा में रहा चिराग पासवान ने मंच से भाषण नहीं दिया। सूत्रों के मुताबिक उनका गला बैठा हुआ था, इसी कारण वे संबोधन नहीं कर पाए। हालांकि, मंच संचालन के दौरान जब उन्हें बोलने के लिए आमंत्रित किया गया, उसी वक्त प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की ओर इशारा किया, जिसके बाद नीतीश पोडियम की ओर बढ़े और चिराग अपनी सीट पर ही बैठे रहे। आयोजकों का कहना है कि कार्यक्रम के समयाभाव के कारण वक्ताओं का क्रम बदला गया था।


रैली में यह दृश्य खास इसलिए भी था क्योंकि 2020 के विधानसभा चुनाव में चिराग पासवान और नीतीश कुमार के बीच तल्खी अपने चरम पर थी। उस समय एलजेपी (रामविलास) ने जेडीयू के खिलाफ उम्मीदवार उतारकर नीतीश को बड़ा नुकसान पहुंचाया था। लेकिन समस्तीपुर की रैली में दोनों नेताओं के बीच की गर्मजोशी और सम्मान ने एनडीए खेमे में नई एकता और भरोसे की तस्वीर पेश कर दी है। राजनीतिक विश्लेषक इसे बिहार की आगामी चुनावी राजनीति के लिए ‘नए समीकरणों की शुरुआत’ के रूप में देख रहे हैं।