द फॉलोअप डेस्क
रोहतास जिले से सड़क हादसे का एक बड़ा मामला सामने आया है, जहां नोखा थाना क्षेत्र के बस स्टैंड के पास एक यात्री बस ने बाइक सवार युवक को बेरहमी से कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने बस में आग लगा दी, जिससे बस पूरी तरह जलकर खाक हो गई। मृतक की पहचान 35 वर्षीय राजेश गिरी उर्फ भुअर गिरी रूप में हुई है, जो कि भलुआही गांव निवासी है। 
बताया जा रहा है कि रविवार देर शाम राजेश गिरी अपनी बाइक से घर लौट रहे थे। इसी क्रम में बस स्टैंड के पास तेज रफ्तार यात्री बस ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयावह थी कि बाइक सवार असंतुलित होकर सड़क पर गिर पड़ा और बस की चपेट में आकर उसकी मौत हो गई। स्थानीय लोगों के अनुसार, हादसा आरा-सासाराम सड़क मार्ग पर हुआ है। .jpg)
हादसे के बाद बस चालक वाहन लेकर भागने की कोशिश करने लगा, इसी बीच ग्रामीणों ने सिंचाई कार्यालय के पास बस को घेर लिया। पहले बस में जमकर तोड़फोड़ की और फिर यात्रियों विशेषकर बच्चों को सुरक्षित उतारने के बाद बस में आग लगा दी। देखते ही देखते बस धू-धूकर जलने लगी और कुछ ही देर में बस पूरी तरह जलकर खाक हो गई।.jpeg)
सूचना मिलते ही नोखा थाना अध्यक्ष दिनेश कुमार मालाकार अपनी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। फायर ब्रिगेड को भी बुलाया गया और आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक बस पूरी तरह जल चुकी थी। वहीं मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सासाराम सदर अस्पताल भेज दिया।
आक्रोशित ग्रामीणों ने मृतक के परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की और आरा-सासाराम सड़क मार्ग को जाम कर दिया। इससे यातायात करीब दो घंटे तक बाधित रही। हालांकि अंचल अधिकारी मधुसूदन चौरसिया ने बताया कि काफी मशक्कत के बाद स्थिति को काबू में किया गया और यातायात का परिचालन दोबारा से शुरू किया गया। मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा दिया जायेगा। वहीं पुलिस फ़िलहाल मामले की जांच में जुटी हुई है।