द फॉलोअप डेस्क:
Bihar Health News: बिहार (Bihar) के लोगों को बेहतर इलाज के लिए अब दूसरे राज्यों का रुख नहीं करना पड़े, इसके लिए सरकार स्वास्थ्य सुविधाओं को और मजबूत करने की दिशा में काम कर रही है। स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार (Nishant Kumar) ने कहा कि राज्य के प्रत्येक नागरिक को समय पर, सस्ती और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सरकार का संकल्प है। इसके लिए अस्पतालों में इलाज की गुणवत्ता बढ़ाने के साथ स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच और उपलब्धता को बेहतर बनाया जा रहा है। स्वास्थ्य मंत्री रविवार को पटना में Thoracic Society of Bihar के पहले वार्षिक सम्मेलन ‘BREATHCON 2026’ को संबोधित कर रहे थे। इस सम्मेलन में देशभर से फेफड़ा रोग विशेषज्ञ, वरिष्ठ चिकित्सक, चिकित्सा शिक्षक और शोधकर्ता शामिल हुए।

वायु प्रदूषण से बढ़ रही सांस की बीमारियां
स्वास्थ्य मंत्री ने श्वसन संबंधी बीमारियों पर चिंता जताते हुए कहा कि वायु प्रदूषण, तंबाकू का सेवन और तनावपूर्ण जीवनशैली ऐसी बीमारियों के प्रमुख कारण हैं। इनसे बचाव के लिए जागरूकता बढ़ाने के साथ बीमारियों की समय पर पहचान और आधुनिक उपचार पद्धतियों को बढ़ावा देना जरूरी है। उन्होंने कहा कि इस दिशा में चिकित्सकों का अनुभव, वैज्ञानिक शोध और विशेषज्ञों के बीच होने वाला विचार-विमर्श काफी महत्वपूर्ण है। BREATHCON 2026 जैसे सम्मेलन श्वसन रोगों की रोकथाम और बेहतर इलाज के तरीकों पर चर्चा करने का अच्छा मंच हैं।
.jpeg)
दो दशकों में बदली बिहार की स्वास्थ्य व्यवस्था
निशांत कुमार ने कहा कि पिछले दो दशकों में बिहार की स्वास्थ्य व्यवस्था में कई बदलाव हुए हैं। इस दौरान स्वास्थ्य क्षेत्र के बुनियादी ढांचे का विकास हुआ है और मेडिकल कॉलेजों के साथ अस्पतालों का भी विस्तार किया गया है। अब सरकार का जोर उपलब्ध संसाधनों का बेहतर इस्तेमाल कर स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और पहुंच बढ़ाने पर है। उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल अस्पतालों और चिकित्सा संस्थानों की संख्या बढ़ाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि आम लोगों को इन सुविधाओं का लाभ आसानी से मिलना भी जरूरी है।

चिकित्सकों की समस्याओं पर भी सरकार का ध्यान
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि किसी भी स्वास्थ्य व्यवस्था की सफलता केवल अस्पतालों की इमारतों, आधुनिक उपकरणों और सरकारी योजनाओं से तय नहीं होती। इसमें डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों की भूमिका भी बेहद अहम होती है। उनका समर्पण, संवेदनशीलता और मरीजों के प्रति मानवीय व्यवहार बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं की बुनियाद है। उन्होंने कहा कि चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों की समस्याओं को सुनना और उनका उचित समाधान करना भी सरकार की प्राथमिकता है। इसके लिए उन्होंने चिकित्सा जगत के विशेषज्ञों, डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों से सरकार को सक्रिय सहयोग देने की अपील की।