द फॉलोअप डेस्क
अररिया जिले से फायरिंग का एक बड़ा मामला सामने आया है, जहां अज्ञात अपराधियों ने सुबह-सुबह महिला शिक्षिका की गोली मारकर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि शिक्षिका कन्हैली हाई स्कूल में कार्यरत थी और सुबह-सुबह ड्यूटी पर जा रही थीं इसी दौरान उन्हें गोली मार दी गई। महिला की पहचान उत्तर प्रदेश की रहने वाली शिवानी कुमारी के रूप में की गई है, वह बीपीएससी शिक्षिका थीं।
स्थानीय लोगों ने बताया कि रोज की भांति आज भी महिला फारबिसगंज से अपनी स्कूटी पर सवार होकर नरपतगंज प्रखंड के कन्हैली +2 उत्क्रमित हाई स्कूल जा रही थी। इसी दौरान नरपतगंज थाना क्षेत्र के कन्हैली शिव मंदिर के पास बाइक सवार दो हथियारबंद अपराधियों ने शिक्षिका की कनपटी पर फायरिंग कर दी। जिसके बाद उनकी मौके पर मौत हो गई। आनन-फानन में स्थानीय लोगों ने उसे सदर अस्पताल पहुँचाया लेकिन डॉक्टरों ने शिक्षिका को मृत घोषित कर दिया। 
वहीं मामले की सूचना तुरंत पुलिस को भी दी गई। जहां मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हर रोज मध्य विद्यालय कन्हैली में इनका जाना-आना था। अच्छी पहचान भी थी। लेकिन आज सुबह बाइक पर सवार होकर दो अज्ञात लोग आए और स्कूल जाने के दौरान धड़ाधड़ उन्हें गोली मारकर फरार हो गए।