द फॉलोअप डेस्क
समस्तीपुर जिले में उस वक्त हड़कंप मच गया। जब कुछ अपराधियों ने भाजपा नेता रूपक सहनी की ताबड़तोड़ गोली मारकर हत्या कर दी। अपराधियों ने इस घटना को खानपुर थाना क्षेत्र के शादीपुर घाट के पास अंजाम दिया है। मिली जानकारी के मुताबिक यह वारदात बुधवार की देर शाम शादीपुर गांव में मंदिर के पास एक दुकान पर हुई। मृतक की पहचान लगभग 24 वर्षीय रूपक सहनी के रूप में की गई है। रूपक सहनी भाजपा के बूथ अध्यक्ष थे और शादीपुर पंचायत के अध्यक्ष भी रह चुके थे। वह लंबे समय से पार्टी से जुड़े हुए थे। 
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि जब 3-4 बदमाश पहुंचे उस वक्त रूपक सहनी दुकान पर बैठे थे। इसी दौरान रूपक सहनी पर अपराधियों ने अंधाधुंध फायरिंग कर दी। गोलियां लगने के बाद वे गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं अपराधी फायरिंग करने के बाद मौके से पैदल ही फरार हो गए। घटना के बाद मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने घायल रूपक को तुरंत खानपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। 
घटना की सूचना मिलते ही जिले के पुलिस अधीक्षक अरविंद प्रताप सिंह खुद मौके पर पहुंचे और इस सनसनीखेज मामले का जायजा लिया। एफएसएल टीम ने घटनास्थल से कई साक्ष्य भी जुटाए। पुलिस ने पुरानी रंजिश के आधार पर दो आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं लापरवाही के आरोप में खानपुर थानाध्यक्ष को निलंबित भी कर दिया गया है।
एसपी ने मामले को लेकर कहा कि दोनों पक्षों के बीच पहले भी थाने में शिकायत दर्ज थी। जांच में पुरानी रंजिश का ही मामला लग रहा है, हालांकि घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है और पुलिस बल तैनात कर दिए गए है। प्रत्यक्षदर्शियों से बयान लिए जा रहे हैं तथा सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है।