logo

बिहार के 8 जिलों में बारिश और तेज हवा का अलर्ट, पटना से वैशाली तक बदलेगा मौसम

बिहार के 8 जिलों में बारिश और तेज हवा का अलर्ट, पटना से वैशाली तक बदलेगा मौसम

द फॉलोअप डेस्क:

Bihar Weather: बिहार (Bihar) में मौसम (Weather) का मिजाज बदलने लगा है। राज्य के कई जिलों में बारिश और तेज हवा चलने की संभावना जताई गई है। मौसम विज्ञान केंद्र (IMD), पटना ने बेगूसराय, जमुई, लखीसराय, मुंगेर, नालंदा, नवादा, पटना और शेखपुरा के कुछ इलाकों के लिए अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक, यह बदलाव अगले एक से तीन घंटे के दौरान देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग की चेतावनी में आठ जिलों के कुल 43 प्रखंड शामिल हैं। इनमें जमुई के आठ, नवादा के पांच, नालंदा के पांच, पटना के तीन, बेगूसराय के तीन और मुंगेर के छह प्रखंडों में मौसम का असर पड़ सकता है। वहीं, लखीसराय के सभी सात और शेखपुरा के सभी छह प्रखंडों को अलर्ट में रखा गया है। लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

वैशाली में बादलों के बीच होगा पीएम मोदी का कार्यक्रम

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को बिहार दौरे पर हैं। उन्हें वैशाली में कई विकास परियोजनाओं की सौगात देनी है। प्रधानमंत्री पहले पटना एयरपोर्ट पहुंचेंगे और वहां से वैशाली रवाना होंगे। दोपहर करीब 1:15 बजे वह गंगा नदी पर बने नीतीश सेतु का निरीक्षण करेंगे। इसके बाद दोपहर करीब दो बजे विकास परियोजनाओं से जुड़े कार्यक्रम में शामिल होकर जनसभा को संबोधित करेंगे। वैशाली में सुबह से ही आसमान में बादल छाए हुए हैं और धूप नहीं निकली है। हालांकि, मौसम विभाग ने जिले के लिए बारिश का आधिकारिक अलर्ट जारी नहीं किया है। इसके बावजूद आसमान में बादलों की मौजूदगी के कारण कार्यक्रम के दौरान मौसम पर सबकी नजर रहेगी।

पटना में अगले पांच दिनों तक कैसा रहेगा मौसम?

राजधानी पटना में अगले पांच दिनों के दौरान मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। 21 और 22 नवंबर को आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान है। वहीं, 23 नवंबर से मौसम साफ होने की संभावना है। इस दौरान अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 24 और 25 नवंबर की सुबह कोहरा या धुंध छा सकती है। न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे गिरावट आने की संभावना है और 25 नवंबर तक यह 17 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। ऐसे में सुबह और रात के समय ठंड का एहसास बढ़ेगा, जबकि दोपहर में धूप से राहत मिल सकती है।

पिछले 24 घंटे में कैसा रहा बिहार का मौसम?

मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों में गया जिले के कुछ इलाकों में हल्की बारिश दर्ज की गई, जबकि राज्य के बाकी हिस्सों में मौसम शुष्क बना रहा। इस दौरान कैमूर जिले के भभुआ में अधिकतम तापमान 32.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं, सहरसा के अगवानपुर में न्यूनतम तापमान 13.7 डिग्री सेल्सियस रहा। गया में सबसे कम दृश्यता 800 मीटर दर्ज की गई। वहीं, पटना में हवा की रफ्तार 41 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच गई। मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, अगले 48 घंटों तक बिहार के अधिकतर हिस्सों में सुबह हल्के से मध्यम स्तर का कोहरा छा सकता है। अगले दो दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट, जबकि न्यूनतम तापमान में इतनी ही बढ़ोतरी होने का अनुमान है। इसके बाद तापमान में फिर बदलाव देखने को मिल सकता है।
 

Tags - Bihar NewsBihar Latest NewsBihar Weather UpdateBihar Rain AlertBihar Weather News TodayIMD Bihar Alert