द फॉलोअप डेस्क
केंद्रीय चयन पर्षद ने बिहार पुलिस ड्राइवर-सिपाही भर्ती की लिखित परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया है। इस परीक्षा में कुल 15,516 अभ्यर्थियों को सफल घोषित किया गया है, जो अब चयन प्रक्रिया के अगले चरण यानी शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) में शामिल होंगे। मालूम हो कि राज्य में ड्राइवर-सिपाही के कुल 4,361 पदों पर बहाली होनी है। जुलाई 2025 में जारी विज्ञापन संख्या 02/2025 के आलोक में कुल 1,64,168 वैध आवेदन प्राप्त हुए थे, जिनमें से 1,16,534 उम्मीदवार 10 दिसंबर 2025 को आयोजित लिखित परीक्षा में सम्मिलित हुए थे।.jpg)
जानकारी के अनुसार, लिखित परीक्षा के दौरान अनुशासन बनाए रखने के लिए सख्त कदम उठाए गए। मूल्यांकन के दौरान 18 अभ्यर्थियों की उत्तर पुस्तिकाएं अमान्य पाई गईं, क्योंकि उन्होंने रोल नंबर या प्रश्न-पुस्तिका का गलत अंकन किया था या वे कदाचार के मामलों में लिप्त पाए गए थे। ऐसे अभ्यर्थियों को मूल्यांकन प्रक्रिया से बाहर कर दिया गया। शेष उम्मीदवारों की कॉपियों की गहन जांच के बाद मेरिट के आधार पर शारीरिक दक्षता परीक्षा के लिए पात्र उम्मीदवारों की सूची तैयार की गई है।.jpeg)
शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) के लिए चयनित कुल 15,516 अभ्यर्थियों में 15,054 पुरुष, 461 महिलाएं और एक ट्रांसजेंडर उम्मीदवार शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, इस सूची में विशेष श्रेणी के तहत 86 गोरखा अभ्यर्थी और 101 स्वतंत्रता सेनानी के आश्रितों को भी सफलता हाथ लगी है। सफल उम्मीदवारों को अब अपनी शारीरिक फिटनेस और ड्राइविंग स्किल टेस्ट की तैयारी शुरू कर देनी चाहिए, क्योंकि अंतिम मेधा सूची (Merit List) मुख्य रूप से ड्राइविंग टेस्ट के प्रदर्शन पर आधारित रहेगी।
चयनित सभी अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता परीक्षा मार्च 2026 से होनी है। इसका विस्तृत कार्यक्रम एवं तिथि पर्षद की आधिकारिक वेबसाइट https://csbc.bihar.gov.in पर अलग से जारी की जाएगी।