द फॉलोअप डेस्क:
Patna Road Accident: बिहार (Bihar) के पटना (Patna) जिले में शादी समारोह से लौट रही बारात की स्कॉर्पियो सड़क हादसे का शिकार हो गयी। अथमलगोला ( Athmalgola) थाना क्षेत्र के सवनीमा पेट्रोल पंप के पास तेज रफ्तार और अनियंत्रित हाईवा ने स्कॉर्पियो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो में सवार सात लोगों में से चार की मौके पर ही मौत हो गयी। मृतकों में तीन महिलाएं भी शामिल हैं, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गये। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गयी।

बख्तियारपुर से बारात लेकर लौट रहे थे सभी
जानकारी के मुताबिक, बाढ़ थाना क्षेत्र के सिकंदरा गांव से बारात बख्तियारपुर के बेलथान गांव गयी थी। शादी समारोह संपन्न होने के बाद बाराती स्कॉर्पियो से अपने गांव वापस लौट रहे थे। इसी दौरान अथमलगोला के सवनीमा पेट्रोल पंप के पास तेज रफ्तार हाईवा ने उनकी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में स्कॉर्पियो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गयी। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।

तीन घायलों को पीएमसीएच किया गया रेफर
दुर्घटना में घायल तीनों लोगों को तत्काल बाढ़ अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच रेफर कर दिया गया। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने चारों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस हादसे के बाद सिकंदरा गांव में शोक का माहौल है और मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।