द फॉलोअप डेस्क:
Bihar Nuclear Power Plant: बिहार (Bihar) में बिजली उत्पादन बढ़ाने के लिए दो बड़े परमाणु ऊर्जा संयंत्र लगाने की तैयारी तेज हो गई है। इसके लिए बांका (Banka) और सीवान जिले (Sivan District) में जगह भी चिह्नित कर ली गई है। अब राज्य सरकार (State Government) के सामने इन परियोजनाओं के लिए करीब 3,000 एकड़ जमीन उपलब्ध कराने की चुनौती है। दोनों जगहों पर फिलहाल जमीन की पहचान का काम पूरा हुआ है, लेकिन भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया अभी बाकी है। सरकार ने अगले एक साल के भीतर जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी करने का लक्ष्य रखा है। इसके साथ ही पर्यावरण संबंधी मंजूरी की प्रक्रिया भी आगे बढ़ाई जाएगी। दोनों परियोजनाओं के लिए हाल ही में समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए हैं।

बांका के भितिया में 1500 एकड़ जमीन की जरूरत
बांका जिले के भितिया में एनटीपीसी की ओर से 2,800 मेगावाट क्षमता का परमाणु बिजली संयंत्र स्थापित करने की योजना है। इसमें 700 मेगावाट की चार इकाइयां प्रस्तावित हैं। परियोजना के लिए कुल 1,500 एकड़ जमीन की जरूरत होगी। फिलहाल यहां 1,100 एकड़ जमीन चिह्नित की गई है। इसमें 800 एकड़ वन विभाग और 300 एकड़ गैरमजरूआ जमीन शामिल है। ऐसे में अभी करीब 400 एकड़ जमीन की व्यवस्था करना बाकी है। शुरुआत में इस परियोजना के लिए 1,000 एकड़ जमीन की आवश्यकता बताई गई थी, लेकिन प्रस्तावित इकाइयों की संख्या बढ़ने के बाद जमीन की जरूरत भी बढ़कर 1,500 एकड़ हो गई। फिलहाल अंचल स्तर पर जमीन की मापी और नक्शे के सत्यापन का काम चल रहा है।
.jpeg)
सीवान के तलहर में भी बनेगा परमाणु संयंत्र
सीवान जिले के रघुनाथपुर प्रखंड के तलहर में भी परमाणु बिजली संयंत्र लगाने की योजना है। यहां न्यूक्लियर पावर कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (NPCIL) की ओर से 2,800 मेगावाट क्षमता का संयंत्र स्थापित करने का प्रस्ताव है। इसके लिए करीब 1,500 एकड़ समतल जमीन चिह्नित की गई है। यह इलाका घाघरा नदी के पास स्थित है और यहां आबादी का घनत्व अपेक्षाकृत कम बताया जा रहा है। हालांकि, अभी जमीन अधिग्रहण की आधिकारिक प्रक्रिया शुरू नहीं हुई है। इसके पहले जमीन के खाता-खेसरा का सत्यापन किया जाएगा। इसके बाद सामाजिक प्रभाव का आकलन और मुआवजे की दर निर्धारित करने की प्रक्रिया पूरी होगी। प्रशासन यह भी पता लगा रहा है कि इलाके में कितनी गैरमजरूआ जमीन उपलब्ध है।

1.40 लाख करोड़ के निवेश से बनेंगे दोनों बिजली घर
बांका और सीवान में प्रस्तावित दोनों परमाणु ऊर्जा परियोजनाओं की अनुमानित लागत करीब 70-70 हजार करोड़ रुपये है। यानी इन पर कुल 1.40 लाख करोड़ रुपये का निवेश प्रस्तावित है। दोनों संयंत्रों की संयुक्त उत्पादन क्षमता 5,600 मेगावाट होगी। हालांकि, फिलहाल ये परियोजनाएं समझौता ज्ञापन और शुरुआती तैयारी के स्तर पर हैं। जमीन अधिग्रहण के साथ पर्यावरण संबंधी मंजूरी और अन्य जरूरी स्वीकृतियां मिलना अभी बाकी है। सरकार का लक्ष्य अगले एक साल में जमीन उपलब्ध कराने की प्रक्रिया पूरी करना है। इन औपचारिकताओं के पूरा होने के बाद ही परियोजनाओं को आगे बढ़ाने का रास्ता साफ होगा।