द फॉलोअप डेस्क
बिहार सरकार ने ग्रामीण क्षेत्रों में सरकारी सेवाओं को आसान और पारदर्शी बनाने के लिए एक नई पहल शुरू की है। इसके तहत अब जीविका दीदियों को ई-निबंधन और अन्य सरकारी सेवाओं के प्रति ग्रामीणों में जागरूकता फैलाने की जिम्मेदारी दी जाएगी। इस योजना को ‘डिजिटल दीदी सह सक्षमा दीदी’ के नाम से चलाया जाएगा। जिसका उद्देश्य ग्रामीणों को ऑनलाइन निबंधन की प्रक्रिया तेज, सुलभ और पारदर्शी बनाना है। और बार-बार आम जनों को कार्यालय दौड़ने की जरूरत से बचाना है।.jpeg)
योजना के पहले चरण में एक हजार से अधिक जीविका दीदियों का चयन किया जाएगा। और फिर चयनित दीदियों को कंप्यूटर, प्रिंटर और वाई-फाई की सुविधा दी जाएगी। साथ ही उन्हें कंप्यूटर संचालन, इंटरनेट उपयोग, ऑनलाइन फॉर्म भरना, दस्तावेज अपलोड करना और ई-निबंधन शुल्क जमा करने जैसी विशेष ट्रेनिंग दी जाएगी। इस योजना की पहल से जीविका दीदियां तकनीकी रूप से सक्षम होकर ग्रामीणों को ऑनलाइन निबंधन और अन्य सरकारी सेवाओं के बारे में पूरी जानकारी दे सकेंगी।.jpg)
अब ग्रामीण इस योजना के जरिए घर बैठे अपना आवेदन फॉर्म भर सकते हैं, दस्तावेज अपलोड कर सकते हैं और ऑनलाइन शुल्क जमा कर सकते हैं। इससे समय की बचत होगी और निबंधन की प्रक्रिया तेज और पारदर्शी बन सकेगी। विवाह निबंधन, गोदनामा निबंधन और अन्य जरूरी दस्तावेजों की जानकारी भी जीविका दीदियों के जरिये ग्रामीणों तक पहुँचाई जाएगी। फ़िलहाल राज्य में लगभग डेढ़ करोड़ जीविका दीदियां कार्यरत हैं। प्रत्येक प्रखंड में जीविका कार्यालय हैं और ग्रामीण क्षेत्रों में 270 दीदी अधिकार केंद्र संचालित हो रहे हैं।