logo

संजय झा का RJD पर हमला, बोले- 24 नवंबर 2005 को बिहार को मिली असली आजादी

संजय झा का RJD पर हमला, बोले- 24 नवंबर 2005 को बिहार को मिली असली आजादी

द फॉलोअप डेस्क:

जेडीयू (JDU) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा (Sanjay Jha) ने बिहार (Bihar) में नीतीश कुमार (Nitish Kumar) के शासन को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि भारत 1947 में आजाद हुआ था, लेकिन बिहार सही मायनों में 24 नवंबर 2005 को आजाद हुआ। इसी दिन नीतीश कुमार (Nitish Kumar) ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी और राज्य में सुशासन की शुरुआत हुई थी। रविवार को पटना में पत्रकारों से बातचीत करते हुए संजय झा ने कहा कि नीतीश कुमार के मुख्यमंत्री बनने से पहले बिहार के लोगों को सड़क, बिजली और सुशासन का मतलब तक पता नहीं था। इसी तारीख की याद में जेडीयू 24 नवंबर को पूरे बिहार में सुशासन दिवस मनाने जा रही है। इस दौरान पार्टी नीतीश कुमार के शासनकाल में हुए बदलावों और विकास कार्यों को जनता के बीच रखेगी।

नीतीश को मिला था सबसे चुनौतीपूर्ण बिहार

संजय झा ने कहा कि जब नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री की जिम्मेदारी संभाली थी, तब बिहार की स्थिति काफी खराब थी। उनके सामने राज्य को विकास की राह पर लाने और व्यवस्था में सुधार करने की बड़ी चुनौती थी। उन्होंने दावा किया कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में सड़क, बिजली और विकास के क्षेत्र में व्यापक बदलाव हुए। वहीं, नीतीश सेतु को लेकर तेजस्वी यादव के बयान पर संजय झा ने आरजेडी को घेरा। उन्होंने सवाल किया कि आरजेडी 15 साल तक सत्ता में रही, तो उस दौरान कौन सा पुल बनवाया? संजय झा ने कहा कि नीतीश कुमार ने इस पुल की कल्पना 2015 में की थी। उन्होंने तेजस्वी यादव को नसीहत देते हुए कहा कि आरजेडी को अपनी पार्टी की चिंता करनी चाहिए, क्योंकि उसके पास सरकार के कामों पर बोलने के लिए कुछ नहीं है।

कांग्रेस के गरीबी हटाओ नारे पर भी हमला

संजय झा ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी लंबे समय तक गरीबी हटाओ का नारा देती रही, लेकिन इसके बावजूद गरीबों की संख्या बढ़ती रही। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस आंकड़े का समर्थन किया, जिसमें एनडीए सरकार के दौरान 50 लाख लोगों को गरीबी से बाहर निकालने की बात कही गई है। संजय झा ने कहा कि प्रधानमंत्री की ओर से दिया गया यह आंकड़ा सही है और एनडीए सरकार ने बड़ी संख्या में लोगों को गरीबी से बाहर निकालने में सफलता हासिल की है।