द फॉलोअप डेस्क:
EOU Raid: बिहार (Bihar) में आय से अधिक संपत्ति के मामले में आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने बड़ी कार्रवाई की है। योजना एवं विकास विभाग (Planning and development authority) में तैनात एग्जीक्यूटिव इंजीनियर (Executive Engineer) नारद कुमार दास (Narad Kumar Das) के मुजफ्फरपुर, मुंगेर, भागलपुर और पटना स्थित पांच ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की गई। इस दौरान मुजफ्फरपुर स्थित उनके ससुराल के फ्लैट से करीब 52 लाख रुपये नकद बरामद किए गए। नकदी इतनी अधिक थी कि नोटों की गिनती के लिए मशीन मंगवानी पड़ी। जांच टीम को तलाशी के दौरान जेवरात और संपत्ति से जुड़े दस्तावेज भी मिले हैं।
बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें
यह भी पढ़ें: Bihar Police Exam Scam : बिहार सिपाही भर्ती धांधली में खुलासा, 9 लाख में पास कराने की डील; सेटर गिरफ्तार
ससुराल के फ्लैट से बरामद हुई नकदी
EOU की टीम ने गुरुवार, 8 अक्टूबर को सुबह करीब 7 बजे मुजफ्फरपुर के नया टोला स्थित राधिका अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर 2F में छापेमारी की। यह फ्लैट नारद कुमार दास के ससुराल का है, जहां उनके सास-ससुर और साला रहते हैं। जांच एजेंसी को सूचना मिली थी कि इंजीनियर ने यहां नकदी छिपाकर रखी है। इसके बाद टीम ने फ्लैट की तलाशी ली। इस दौरान करीब 51.50 लाख रुपये नकद बरामद होने की जानकारी सामने आई। नोटों की गिनती के लिए मशीन का इस्तेमाल किया गया।
मुंगेर में किराए के मकान और सरकारी कार्यालय में तलाशी
नारद कुमार दास फिलहाल मुंगेर में तैनात हैं। वह शहर के कासिम बाजार थाना क्षेत्र के बेलन बाजार, बंगाली टोला में किराए के मकान में रहते हैं। EOU की टीम ने उनके किराए के मकान के साथ सरकारी कार्यालय में भी तलाशी ली। कार्यालय में करीब चार घंटे तक जांच चली। इस दौरान टीम ने कई दस्तावेज और वित्तीय लेन-देन से जुड़े कागजात जब्त किए, जिनकी जांच की जाएगी। किराए के मकान में भी तलाशी अभियान चलाया गया। जेवरात मिलने की सूचना के बाद उनके मूल्यांकन के लिए इलेक्ट्रिक तराजू के साथ एक जौहरी को भी बुलाया गया।

भागलपुर और पटना में भी पहुंची जांच टीम
नारद कुमार दास मूल रूप से भागलपुर के रहने वाले हैं। EOU ने भागलपुर के तिलकामांझी स्थित उनके आवास पर भी छापेमारी की। इसके अलावा पटना के रूपसपुर थाना क्षेत्र के कुसुमपुरम स्थित आवास पर भी तलाशी ली गई। जांच एजेंसी ने पांच ठिकानों पर एक साथ कार्रवाई कर नकदी, दस्तावेज और अन्य संपत्तियों से जुड़े साक्ष्य जुटाए हैं। इन दस्तावेजों की जांच के बाद संपत्ति के स्रोत और वित्तीय लेन-देन से जुड़ी जानकारी सामने आने की उम्मीद है।
ज्ञात आय से 83.53 लाख रुपये अधिक संपत्ति का आरोप
प्रारंभिक जांच में EOU को नारद कुमार दास की ज्ञात और वैध आय के मुकाबले 83 लाख 53 हजार 200 रुपये की अधिक संपत्ति होने के प्रथम दृष्टया साक्ष्य मिले हैं। जांच एजेंसी के अनुसार, यह रकम उनकी ज्ञात आय से करीब 64.93 प्रतिशत अधिक है। इसी आधार पर आय से अधिक संपत्ति के मामले में केस दर्ज किया गया और विशेष न्यायालय (निगरानी), पटना से तलाशी के लिए सर्च वारंट लिया गया। EOU के अधिकारियों के मुताबिक, जांच के दौरान यह जानकारी भी मिली थी कि इंजीनियर ने अपने ससुराल में नकदी छिपाकर रखी है। इसी सूचना के आधार पर वहां तलाशी ली गई। फिलहाल बरामद नकदी, जेवरात और संपत्ति से जुड़े दस्तावेजों की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही संपत्ति के वास्तविक स्रोत और मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की विस्तृत जानकारी सामने आएगी।
यह भी पढ़ें: IMD Alert : बिहार के 18 जिलों में आंधी-बारिश और वज्रपात का अलर्ट, 50 किमी/घंटे की रफ्तार से चलेगी हवा