द फॉलोअप डेस्क:
बिहार (Bihar) में बिजली उपभोक्ताओं को अब नया कनेक्शन लेने, खराब मीटर बदलवाने या गलत बिजली बिल ठीक कराने के लिए लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा। बिहार विद्युत विनियामक आयोग इन सभी सेवाओं के लिए समय-सीमा निर्धारित करने जा रहा है। नए नियमों के तहत महानगरों में तीन दिन, अन्य शहरी क्षेत्रों में सात दिन और ग्रामीण इलाकों में अधिकतम 15 दिनों के अंदर नया बिजली कनेक्शन देना होगा। वहीं, तय समय पर काम पूरा नहीं करने पर संबंधित बिजली कंपनी पर प्रतिदिन एक हजार रुपये तक का जुर्माना लगाया जा सकता है। आयोग ने बिहार इलेक्ट्रिसिटी सप्लाई कोड पर अंतिम सुनवाई पूरी करने के बाद अपना फैसला सुरक्षित रख लिया है।

खराब मीटर और गलत बिल की शिकायतों का होगा जल्द निपटारा
नए सप्लाई कोड के मुताबिक, शहरी क्षेत्रों में खराब या जले हुए बिजली मीटर को तीन दिनों और ग्रामीण क्षेत्रों में सात दिनों के भीतर बदलना होगा। वहीं, बिजली बिल में गड़बड़ी की शिकायतों का समाधान सात से 15 दिनों के अंदर करना होगा। शिकायत का निपटारा होने तक उपभोक्ताओं को पिछले तीन निर्विवाद बिलों की औसत खपत के आधार पर ही भुगतान करना होगा। संशोधित बिल जारी होने पर उपभोक्ताओं से विलंब शुल्क भी नहीं लिया जाएगा। इसके अलावा, बिजली कंपनी को रखरखाव के लिए बिजली आपूर्ति बंद करने से पहले सूचना देनी होगी। बकाया राशि जमा करने के बाद अधिकतम छह कार्य घंटों के भीतर बिजली कनेक्शन दोबारा जोड़ना भी अनिवार्य होगा।
.jpeg)
24 घंटे शिकायत की सुविधा, सात दिनों में वापस मिलेगी सिक्योरिटी मनी
नए नियमों में उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए 24 घंटे चालू रहने वाले टोल फ्री नंबर और ऑनलाइन शिकायत की व्यवस्था भी शामिल की गई है। उपभोक्ता अपने आवेदन और शिकायत की स्थिति ऑनलाइन देख सकेंगे। वहीं, स्थायी रूप से बिजली कनेक्शन कटवाने के लिए आवेदन करने पर अंतिम बिल का समायोजन करने के बाद बची हुई सिक्योरिटी मनी सात दिनों के भीतर वापस करनी होगी। गौरतलब है कि बिहार में पहली बार वर्ष 2007 में इलेक्ट्रिसिटी सप्लाई कोड लागू किया गया था, जिसमें अब तक आठ बार संशोधन हो चुके हैं। इस बार पुराने प्रावधानों को एक साथ जोड़कर नया कोड तैयार किया जा रहा है। आयोग के अंतिम फैसले और नए नियमों के लागू होने के बाद बिजली उपभोक्ताओं को इन सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा।